सड़क दुर्घटना में छह की मौत, बीस अन्य घायल

सड़क दुर्घटना में छह की मौत, बीस अन्य घायल

भिंड, 19 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में भिंड इटावा मार्ग पर जवाहरपुरा गांव के पास आज सुबह डंपर की टक्कर से लोडिंग वाहन सवार छह लोगों की मौत हो गयी और बीस अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लोडिंग ऑटो में सवार एक दर्जन से अधिक लोग विवाह समारोह के बाद जवाहरपुरा गांव से भवानीपुरा गांव लौट रहे थे। तभी जवाहरपुरा गांव के पास यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े लोडिंग ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गयी, जबकि एक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। वहीं बीस अन्य घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।

दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। हाइवे को सिक्सलेन बनाने की मांग करते हुए कलेक्टर, एसपी और सांसद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जवाहरपुरा निवासी राकेश जाटव के बेटे की शादी सोमवार को थी। इसमें शामिल होने के लिए भवानीपुरा गांव से उनके ससुराल पक्ष के लोग भी आए थे। आज सुबह सभी भवानीपुरा लौटने के लिए लोडिंग वाहन में बैठ रहे थे। उनको छोड़ने आए लोग भी वहीं खड़े थे। इसी दौरान डंपर ने टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान अरुण, गुड्डी, राजकुमारी, प्रद्युमन, हेमलता और सरोज के रूप में हुयी है।

Next Post

पन्ना जिले में भिक्षावृत्ति पर लगा प्रतिबंध

Wed Feb 19 , 2025
पन्ना, 19 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 अंतर्गत धारा 163 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग कर किसी भी प्रकार की भिक्षावृत्ति पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार भिक्षुओं को भिक्षा स्वरूप […]

You May Like

मनोरंजन