
अभिनंदन समारोह में जस्टिस आशीष श्रोती ने कहा
जबलपुर। हाईकोर्ट के नव नियुक्त जस्टिस आशीष श्रोती ने कहा कि मप्र हाईकोर्ट बार से मिले संस्कार न्यायपालिका में दिशा-दर्शक बनेंगे। वे अपने सम्मान में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जबलपुर के सिल्वर जुबली आदर्श सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे थे।
इस दौरान चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत, प्रशासनिक न्यायाधीश संजीव सचदेवा, एमपी स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन आरके सिंह सैनी, डिप्टी सालिसिटर जनरल पुष्पेंद्र यादव, हाईकोर्ट बार अध्यक्ष धन्य कुमार जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी, हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अग्रवाल, जिला बार अध्यक्ष मनीष मिश्रा व एडिशनल एडवोकेट जनरल हरप्रीत सिंह रूपराह मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन हाईकोर्ट बार के सचिव परितोष त्रिवेदी ने किया। जबकि आभार प्रदर्शन संयुक्त सचिव योगेश सोनी ने किया।
अधिवक्ता हितों का रखेंगे पूरा ध्यान: सीजे
चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत ने हाईकोर्ट बार के एक सदस्य के न्यायमूर्ति की आसंदी तक पहुंचने पर बार को बधाई दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि अधिवक्ताओं की सुविधाओं व हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण करके आया हूं। कमियां शीघ्र दूर करूंगा। नवीन हाईकोर्ट कैंपस में बार सभागार सहित बैठक व्यवस्था आदि को लेकर सभी अपेक्षित अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं।
