अंकारा, 18 फरवरी (वार्ता) तुर्की के विदेश मंत्री हकान फिदान ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत कीथ केलॉग और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कहा कि उनका देश यूक्रेन पर शांति वार्ता की मेजबानी के लिए तैयार है।
तुर्की के डेली समाचार पत्र ने मंगलवार को रिपोर्ट में बताया कि श्री फिदान ने यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक और रक्षा मंत्री रुस्तम उमरोव से भी मुलाकात की। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि तुर्की शांति प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहता है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ोन पर लगभग डेढ़ घंटे तक बात की। इस दौरान, उन्होंने रूसी और अमेरिकी नागरिकों के आदान-प्रदान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की, साथ ही यूक्रेन में संघर्ष के समाधान पर भी चर्चा की। इस बातचीत के बाद मंगलवार को सऊदी की राजधानी रियाद में वरिष्ठ रूसी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच आमने-सामने बातचीत हुई।

