
भिंड। मछंड कस्बे में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने भिंड एसपी असित यादव और मछंड चौकी प्रभारी रविंद्र तोमर पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि चौकी प्रभारी के रेत माफिया से संबंध हैं और इन्हीं कारणों से पवन सिंह राजावत की सड़क हादसे में मौत हुई। पूर्व विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि भिंड जिला प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। पुलिस और रेत माफिया की सांठगांठ के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने पवन सिंह राजावत की मौत के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और चौकी प्रभारी रविंद्र तोमर को हटाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मछंड चौकी का घेराव किया। इसके बाद तहसीलदार मिहोना को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और भिंड एसपी को हटाने की मांग की गई। डॉ. गोविंद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान कांग्रेस विधायक केसव देसाई, जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, सदर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
