
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान देर रात तक बजाया डीजे
(इरशाद खान) मक्सी, 16 फरवरी. बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए कलेक्टर ऋजु बाफना ने रात 10 बजे बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन मक्सी रेलवे पुलिस ने कलेक्टर के आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए देर रात तक रेलवे बैरक में डीजे बजाया. इतना ही नहीं आरपीएफ एवं अन्य स्टाफ ने अश्लील गानों पर डांस भी किया. इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी कार्यवाही करने के बजाय पल्ला झाड़ रहे हैं.
मक्सी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ के जवानों एवं रेल्वे के अन्य स्टाफ ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शनिवार-रविवार की रात को बैरक में डीजे पर डांस किया. यह मामला ऐसे समय हुआ, जब बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और कलेक्टर ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध लगा रखा है.
जानकारी के अनुसार आरपीएफ बैरक के प्रांगण में जवानों ने देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाकर डांस किया. इस दौरान बैरक में पार्टी का आयोजन भी किया गया. प्रशासन ने परीक्षाओं को देखते हुए वैवाहिक समारोहों में भी रात 10 बजे तक ही सीमित आवाज में डीजे बजाने की अनुमति दी है, लेकिन सुरक्षा बल के जवानों ने इन नियमों की अनदेखी की.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सुरक्षा बल से जुड़ा मामला होने के कारण रेलवे कॉलोनी और आसपास के निवासियों ने कोई विरोध दर्ज नहीं कराया. लेकिन यह घटना नियमों की अवहेलना और सुरक्षा बल के जवानों की मनमानी को दर्शाती है.
इनका कहना है
मैं 7 फरवरी से 18 फरवरी तक छुट्टी पर हूं. मैंने मामले की जानकारी ली है. वहां स्टाफ के बच्चे का जन्मदिन मनाया जा रहा था, जिसमें आरपीएफ, जीआरपी एवं अन्य स्टाफ शामिल हुए थे.
– गजेंद्र दीक्षित, आरपीएफ, मक्सी
