उदयपुर, 11 फरवरी (वार्ता) राजस्थान के उदयपुर में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र और मोहनलाल सुखाड़िया विवि के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय थिएटर कार्यशाला ‘रंगमंच’ का उद्घाटन मंगलवार को हुआ।
आगामी 25 फरवरी तक चलने वाली इस रंगमंच कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जो शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में एक नाट्य प्रस्तुति के साथ संपन्न होगी। यह कार्यशाला रंगमंच के विभिन्न आयामों जैसे अभिनय, मंच सज्जा, लाइट और साउंड, स्क्रिप्ट राइटिंग एवं अन्य तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालेगी जिससे की विद्यार्थिओं को अपनी रूचि पहचानने का मौका मिलेगा। कार्यशाला कला महाविद्यालय में दिनांक 24 फरवरी तक दिन में तीन बजे से छह बजे तक चलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कला महाविद्यालय की सह अधिष्ठाता प्रो. दिग्विजय भटनागर ने की, जबकि पूर्व अधिष्ठाता एवं दृश्य कला संकाय के निदेशक प्रो. हेमंत द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में रहे। कार्यशाला के मेंटर जयपुर से रंगमंच कलाकार विशाल भट्ट जो की तमाशा थिएटर से विशेष रूप से जुड़े हुए हैं एवं विभिन्न नाटको का लेखन और निर्देशन कर चुके हैं और आसिफ शेर खान हैं जो की अभिनय विशेषरूप से ‘माइम’ का विशेष अनुभव रखते हैं एवं विभिन्न कार्यशालाओं में प्रशिक्षण दे चुके हैं।
