ट्रेन के एसी कोच में एनआरआई कपल का लाखों का सामान चोरी

ग्वालियर। झांसी-ग्वालियर ट्रैक पर चलती ट्रेन से चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब चोरों ने एक एनआरआई कपल को निशाना बनाया है. श्रीधाम एक्सप्रेस की एसी कोच ए1 में सफर कर रहे इस कपल के बैग से करीब 25 लाख रुपये के गहने, अमेरिकी डॉलर और नकद चोरी होने की घटना सामने आई है. ये घटना ग्वालियर और दतिया के बीच बताई जा रही है. कपल को चोरी की जानकारी ग्वालियर स्टेशन पार करने के बाद मिली. कपल ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला ग्वालियर जीआरपी को सौंप दिया गया है.

बताया गया कि कपल एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नर्मदापुरम से दिल्ली लौट रहा था. करीब 25 लाख रुपये के गहने, 80 अमेरिकी डॉलर और लगभग 70 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है.

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ये काम उन पेशेवर चोरों का हो सकता है जो एसी कोच में रिजर्वेशन करवाकर यात्रा करते हैं और सोते हुए यात्रियों को निशाना बनाते हैं. ये चोर चोरी करने के बाद अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते हैं.

बता दें कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी महाकौशल एक्सप्रेस में महिला यात्री से चोरी की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी. जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर, डबरा और दतिया के आसपास के सभी संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

Next Post

यातायात पुलिस का नायाब तरीका, चाय पिलाकर दी समझाईश

Tue Feb 11 , 2025
हेलमेट ना पहनने वाले बाइक चालकों को पुलिस ने पिलाई चाय   शहडोल। यातायात जागरूकता को लेकर शहडोल पुलिस का आज अनोखा अंदाज देखने को मिला। अभी तक लोगों ने यह देखा होगा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने जैसे हेलमेट ना पहने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट ना […]

You May Like