शिवपुरी: एक पत्रकार से बदला लेने के लिए राजनीतिक प्रेशर बनाते हुए प्राचार्य ने उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करवा दिया।पिछोर के पत्रकार सचिन भट्ट ने बताया कि वह पिछोर विकासखंड के मल्हावनी मे स्थित शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में कवरेज करने गए थे। कवरेज के दौरान कुछ बच्चे गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे, कुछ बच्चे स्कूल परिसर में इधर उधर भ्रमण कर रहे थे। उस समय स्कूल के प्राचार्य स्कूल में उपस्थित नहीं थे।
पत्रकार सचिन भट्ट ने 10वीं क्लास के बच्चों से गणतंत्र दिवस से संबंधित सामान्य सवाल जैसे देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मध्य प्रदेश के सीएम का नाम क्या है, पूछे। जिनके जवाब बच्चे नहीं दे सके। यह सवाल जबाब कैमरे में कैद हुए और इस खबर को पत्रकार सचिन भट्ट ने अपने चैनल पर चलाया।जब यह खबर चली तो स्कूल के प्रधानाध्यापक देवेन्द्र शर्मा एक आवेदन पिछोर थाना में दे आए। आवेदन इस खबर के चलने के बाद दिया गया। प्रधानाध्यापक का आरोप था कि पत्रकार ने कवरेज कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस कारण उन पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज कर लिया गया। यह देश का शायद पहला मामला होगा कि स्कूली बच्चों से देश के राष्ट्रपति का नाम पूछने पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला कर लिया गया हैं।
विरोध में उतरे पत्रकार, दिया ज्ञापन
इस मामले को लेकर शिवपुरी के पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक के नाम इस मामले को लेकर एक ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा है और इस मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होने अपने स्तर से इस मामले की जांच का आश्वासन पत्रकारों को दिया है।
