
एनडीआरएफ ने खंडवा में छात्राओं को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
नवभारत न्यूज
खण्डवा । आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन योजना के तहत मनोज कुमार शर्मा, उप महानिरीक्षक के दिशा-निर्देशन में 11 एनडीआरएफ वाराणसी की टीम क्षमता निर्माण कार्यक्रम व जन-जागरुकता के अभियान चला रही हैं तथा शिक्षण संस्थानों में आपदा से बचाव हेतु स्कूलों में स्कूल सुरक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित कर रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को एनडीआरएफ की प्रशिक्षित एवं अनुभवी टीम द्वारा स्कूल सुरक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम को आयोजित कर मोतीलाल नेहरू उमा.वि., खंडवा में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया।
टीम ने भूकम्प से बचाव, बाढ़ में बचाव के तरीके, बाढ़ की स्थिति में क्या करें और क्या न करें,सीपीआर, गले में फंसी बाहरी वस्तु को निकालने के तरीके, शारीरिक चोटों एवं सांप के काटने का अस्पताल पूर्व उपचार,तात्कालिक स्ट्रेचर बनाना, सडक़ सुरक्षा, लिफ्टिंग और मूविंग के तरीके, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस (राफ्ट) बनाना, जल संरक्षण तकनीकें, अग्निशामक यंत्र का उपयोग,गरजना/ बिजली चमकना, दामिनी ऐप, मौसम ऐप,भूकंप ऐप के इंस्टॉलेशन और उपयोग आदि विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
रूबिया अली (प्रधानाचार्य) ने एनडीआरएफ के प्रशिक्षण कार्यक्रम को बहुत प्रशंसनीय और शिक्षाप्रद बताया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी, अध्यापक तथा अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और इससे लाभान्वित हुए और आपदा में राहत-बचाव की तकनीकों की बारीकियों को जाना।
