भोपाल, 05 फरवरी (वार्ता) दिगंबर जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के समाधि दिवस पर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण आयोजन विधानसभा परिसर में रखा गया है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल होंगे।
जैन मुनि प्रमाण सागर, निर्वेग सागर और संधान सागर के सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को भी आमंत्रित किया गया है। गुरुवार यानी छह फरवरी को सुबह के समय आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में शहर के जैन समाज के हजारों धर्मावलंबी मौजूद रहकर आचार्यश्री को विनयांजलि देंगे।
दिगंबर जैन पंचायत कमेटी भोपाल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में आचार्यश्री विद्यासागर महाराज की समाधि को एक वर्ष पूरा होने पर आचार्यश्री का “गुणानुवाद” किया जाएगा। आचार्यश्री विद्यासागर महाराज की समाधि एक वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में हुयी थी और उस दिन जैन तिथि पंचाग (कैलेंडर) के अनुसार माघ माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि थी। इस बार यह तिथि छह फरवरी को पड़ रही है और इस दिन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के लिए विधानसभा परिसर में तैयारियां लगभग पूरी हो गयी हैं। इस आयोजन में शामिल होने के लिए आचार्यश्री के विशेष भक्त देश और राज्य के अन्य हिस्सों से भी यहां आएंगे। जैन मुनि प्रमाणसागर महाराज अपने संघ के साथ यहां टीनशेड जैन मंदिर परिसर में विराजमान हैं। गुरुवार को सुबह लगभग साढ़े सात बजे धर्मावलंबी यहां जैन मंदिर परिसर के पास एकत्रित होंगे और विधानसभा परिसर तक जुलूस की शक्ल में जाएंगे। जैन मुनि भी धर्मावलंबियों के साथ विधानसभा परिसर रवाना होंगे।
आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम में जैन मुनि प्रमाण सागर महाराज के अलावा मुख्य रूप से मुख्यमंत्री डॉ यादव का संबोधन होगा। आयोजन के लिए विभिन्न प्रकार की तैयारियां पूरी हो गयी हैं। आचार्यश्री के समाधि दिवस पर राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण राज्य में जैन समाज की ओर से विभिन्न मुनियों की मौजूदगी में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से आचार्यश्री विद्यासागर पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे।

