
भोपाल, 2 फरवरी. गुनगा पुलिस ने एक युवती की रिपोर्ट पर गांव में रहने वाले दो युवकों के खिलाफ गैंगरेप समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर घटना को अंजाम दिया था. पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. जानकारी के अनुसार इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय युवती घरेलू काम करती है, जबकि उसके परिजन मजदूरी करते हैं. पिछले साल अगस्त 2024 में गांव में रहने वाले आमिर नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. इस दौरान आमिर के दोस्त फारुख ने घटना की वीडियो बना लिया था. पिछले कुछ समय से फारुख उक्त वीडियो वायरल कर युवती को बदनाम करने की धमकी दे रहा था. बीती तीस जनवरी की रात दोनों युवक घर में घुस गये और डरा-धमकाकर युवती के साथ गैंगरेप किया. पीडि़ता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं. इधर छोला मंदिर पुलिस ने इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पर आरोपी सचिन के खिलाफ घर में घुसकर बलात्कार करने और जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी पिछले तीन महीने से इस प्रकार की हरकत कर रहा था. परेशान होकर पीडि़ता ने रविवार को थाने जाकर उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया.
