सायबर अपराधों से सुरक्षा के संबंध में मप्र पुलिस का विशेष अभियान

भोपाल, 01 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश पुलिस ने सायबर अपराधों और हिंसा की रोकथाम तथा समाज में सुरक्षित वातावरण उपलब्‍ध कराने के उद्देश्‍य से सायबर सुरक्षा जन जागरुकता अभियान ”सेफ क्लिक” प्रारंभ किया है।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने यहां पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को इस अभियान से संबंधित पोस्टर और प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन किया। इस प्रदेश व्यापी अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सायबर सेल) योगेश देशमुख और अधीनस्थ अमले द्वारा की जाएगी। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं। इस अभियान में ‘सामुदायिक पुलिसिंग’ की सक्रिय सहभागिता के लिए भी कहा गया है।

अभियान के तहत विशेष रूप से छात्र छात्राओं को जागरुक किया जाएगा। इस अभियान में आज यानी एक फरवरी से 11 फरवरी तक ‘सुरक्षित क्लिक-सुरक्षित जीवन’ थीम पर सर्वव्‍यापी जागरुकता अभियान पूरे प्रदेश में संचलित किया जा रहा है। अभियान में नुक्‍कड़ नाटक, प्रश्‍नावली, लघु फिल्‍म,पोस्‍टर्स, जनजागरुकता रैली आयोजित की जाएंगी। इनमें सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक स्‍टॉफ, स्‍वंयसेवी संस्‍थाओं सहित स्‍थानीय ‘इंफ्ल्‍ूाऐंसर’ का सहयोग लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में पूरे देश में सायबर अपराध और सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव तेजी से बढ़ रहे हैं। तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा चोरी, साइबर बुलिंग, फिशिंग अटैक, हैकिंग, और गलत सूचना फैलाने जैसी समस्याएँ आम हो गई हैं। इसी परिप्रेक्ष्‍य में पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर यह अभियान सोशल मीडिया, इंटरनेट का सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग के लिए एक 11 दिवसीय अनूठा अभियान है।

इस अभियान का मुख्‍य उद्देश्‍य समाज के विभिन्न वर्गों को सायबर सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में सार्वजनिक संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें इंटरनेट उपयोग की सुरक्षित प्रथाओं, सायबर सुरक्षा और दैनिक जीवन में जिम्मेदार व्यवहार के महत्व पर सार्थक चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ सायबर सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जो नागरिकों को इंटरनेट सुरक्षा के प्रति सजग बनाने और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को साझा करने का अवसर प्रदान करेंगे। इस पहल के माध्यम से आम जनता में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।

अभियान के दौरान इन 11 दिनों में पूरे प्रदेश में नगर एवं ग्राम रक्षा समिति रैली के अतिरिक्त, स्थानीय स्कूलों, कॉलेजों और कैंपसों में जागरुकता रैलियाँ आयोजित की जाएंगी, जो सुरक्षित इंटरनेट के महत्व को प्रोत्साहित करेंगी। इन रैलियों का उद्देश्य साइबर फ्राड जैसे बड़े अपराधों के प्रति जनता को जागरूक करना होगा। रैलियों के दौरान सूचनात्मक सामग्री वितरित की जाएगी और लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए साइबर संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर इंफोग्राफिक्स और वीडियो का उपयोग करके साइबर सुरक्षा और सुरक्षा उपायों के बारे जानकारी प्रसारित की जाएगी एवं अधिक से अधिक स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर यह जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के दौरान अन्य अनेक गतिविधियां भी की जाएंगी।

Next Post

विकसित भारत का रोड़मैप है केंद्रीय बजट - देवड़ा

Sat Feb 1 , 2025
भोपाल, 01 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2025-26 का बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने का रोड़मैप है। श्री देवड़ा ने आज प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया […]

You May Like