विदेशी सैलानियों की आस्था और जिज्ञासा का केंद्र बना महाकुंभ

महाकुम्भनगर, 30 जनवरी (वार्ता) प्रयागराज महाकुंभ में उमड़ रहा जनसैलाब विदेशी सैलानियों के लिये आस्था और जिज्ञासा का केंद्र बिंदु बन चुका है। विदेशी तीर्थयात्री महाकुम्भ की अद्भुत व्यवस्था से अभिभूत नजर आ रहे हैं।

अमेरिका के हवाई से आए एक श्रद्धालु ने कहा कि यह कल्पना से परे है कि इतने अधिक लोग एक साथ एकत्रित होकर आस्था के इस महासंगम में शामिल हुए हैं। इतनी विशाल संख्या में लोगों और यहां के बुनियादी ढांचे को देखते हुए, यह अविश्वसनीय है कि सरकार इसे इतनी कुशलता से संचालित कर पा रही है। हर कोई एक-दूसरे की सहायता करता दिख रहा है।

फ्लोरिडा, अमेरिका से आईं मारिया ने कहा कि वह 12 साल पहले भी कुंभ मेले में आई थीं और इस अनुभव ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि वे इसे फिर से देखने आई हैं। उन्होंने कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे यादगार अनुभव है। मैं पिछले 26 वर्षों से हर साल भारत आती हूं और यहां की संस्कृति से प्रेम करती हूं। पुलिस प्रशासन ने जिस तरह भीड़ को संभाल रखा है, वह प्रशंसनीय है।

रूस के मॉस्को से आईं जूलिया ने कहा कि हम पहली बार महाकुम्भ में आए हैं और यहां की व्यवस्था से बहुत प्रभावित हैं। यहां का माहौल बहुत ही सुरक्षित और पवित्र है। इतने विशाल आयोजन को जिस प्रकार प्रशासन ने व्यवस्थित किया है, वह अविश्वसनीय है।

अल्माटी, कजाकिस्तान से आईं अलेना ने कहा “ यह मेरा सपना था कि मैं कुंभ मेले में आऊं। मैं महादेव की कृपा से यहां पहुंच पाई और इस अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। वहीं पंजाब के पठानकोट से आईं अंजू ने कहा कि प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों को हर संभव सहायता दी जा रही है। हमें अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। ”

प्रदेश सरकार ने इस विराट आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। महाकुम्भ के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन संगम तट पर स्नान करने के लिए उमड़ रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ को संभालने में प्रशासन ने जिस दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।

सरकार ने महाकुम्भ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया है। भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके। सरकार द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं का ही परिणाम है कि न केवल भारतीय श्रद्धालु बल्कि विदेशी पर्यटक भी इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने और अनुभव करने के लिए बड़ी संख्या में उमड़ रहे हैं।

 

 

Next Post

इंडिगो एयरलाइंस के सीईओ पीटर एल्बर्स ने लगायी संगम में डुबकी

Fri Jan 31 , 2025
महाकुंभ नगर (वार्ता) इंडिगो एयरलाइंस के सीईओ पीटर एल्बर्स ने महाकुंभ के अवसर गुरुवार भोर त्रिवेणी में डुबकी लगाई। श्री एल्बर्स ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की और महाकुंभ को लेकर अपने अनुभव भी बयां किए। उन्होने लिखा “ सुबह पांच बजे मैने पवित्र संगम में डुबकी […]

You May Like