इमामी लिमिटेड का शुद्ध मुनाफा आठ प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली (वार्ता) प्रमुख एफएमसीजी कंपनी इमामी लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 279 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा आठ प्रतिशत बढ़कर 279 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आलोच्य अवधि में उसका राजस्व पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 1049 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने बताया कि निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024 के लिए 400 प्रतिशत के दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा की है, जो चार रुपये प्रति शेयर के बराबर है। इससे पहले, दूसरी तिमाही में भी 400 प्रतिशत का पहला अंतरिम लाभांश (चार रुपये प्रति शेयर) घोषित किया गया था। इस घोषणा के साथ वित्त वर्ष 2024 में अब तक कुल लाभांश भुगतान 800 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो आठ रुपये प्रति शेयर के बराबर है। यह कंपनी की एक मजबूत और निरंतर लाभांश भुगतान नीति के प्रति प्रतिबद्धता और अपने शेयरधारकों को उच्च रिटर्न प्रदान करने की दिशा में उसकी प्राथमिकता को दर्शाता है।

इमामी लिमिटेड के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हर्ष वी. अग्रवाल ने कहा, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के दौरान हमारे मुख्य घरेलू व्यवसाय में नौ प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि हुई, जो वॉल्यूम में छह प्रतिशत की स्वस्थ वृद्धि से प्रेरित है। यह लगातार दूसरी तिमाही है जब हमने उच्च एकल-अंकीय वृद्धि दर्ज की है। बढ़ती इनपुट लागत के बावजूद हमने सकल मार्जिन और ईबीआईडीटीए मार्जिन दोनों में विस्तार किया है। नए और पारंपरिक चैनलों के लिए हमारी लक्षित वितरण रणनीतियों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा केश किंग और पुरुष ग्रूमिंग श्रेणियों में हमारी रणनीतिक पहलों और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के अपेक्षित पुनरुद्धार ने हमारे दीर्घकालिक मजबूत विकास को लेकर हमारा विश्वास और भी मजबूत किया है। ये परिणाम वित्त वर्ष 2025 के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाते हैं और हमारे हितधारकों को दीर्घकालिक मूल्य प्रदान करने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।”

Next Post

बजट में सोने पर आयात शुल्क न बढ़ाया जाए, अन्यथा प्रभावित होगा उद्योग: वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल

Tue Jan 28 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) सोने के वैश्विक बाजार की निगह रखने वाले संगठन वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) ने आगामी बजट में सोने पर आयात शुल्क में किसी प्रकार की बढ़ोतरी न करने की सिफारिश की है और आगाह किया है कि शुल्क बढ़ने का उद्योग तथा अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ […]

You May Like