
खरगोन, 26 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन में पुलिस ने आज दो नाबालिगों समेत भिंड जिले के गोरमी निवासी तीन लोगों को बड़ी मात्रा में अवैध रूप से निर्मित हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज सायं पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर खरगोन कोतवाली प्रभारी बीएल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस दल ने खंडवा वडोदरा राजमार्ग पर स्थित एक जिनिंग फैक्ट्री के पास तीन लोगों को पकड़ा। उनके पास से अवैध रूप से निर्मित 10 देशी कट्टे और 10 देशी पिस्टल बरामद हुई। हथियारों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है।
आरोपियों की शिनाख़्त भिंड जिले के गोरमी निवासी अभिषेक भदोरिया तथा दो अन्य नाबालिगों के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों को भिंड क्षेत्र के एक व्यक्ति ने यहां हथियार लाने भेजा था। आरोपियों ने गोगावां थाना क्षेत्र के सिगनूर निवासी एक सिकलीगर से उक्त हथियार खरीदे थे। सिकलीगर उन्हें खरगोन के बाहरी हिस्से में ड्रॉप कर पुलिस के पहुंचने के पूर्व भाग गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की तीन दिन की रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके नेटवर्क का पता लगाकर शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
