ब्रेड फैक्ट्री की तुड़ाई के दौरान नहीं थे सुरक्षा इंतजाम, मजदूर की गई थी जान
जबलपुर: गोराबाजार थाना अंतर्गत बिलहरी में शुक्रवार सुबह ब्रेड फैक्ट्री की जर्जर छत की तुड़ाई के दौरान हुए दिल दहला देने वाले हादसे के बाद पुलिस मर्ग कायम कर जांच पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि सुरक्षा मानको की धज्जियां उड़ाकर काम चल रहा था सुरक्षा के यहां कोई इंतजाम नहीं थे। लापरवाही के चलते मजदूर की जान गई। पुलिस फैक्ट्री मालिक, ठेकेदार समेत वहां काम कर रहे मजदूरों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में ठेकेदार और संचालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सकती है।
विदित हो कि ऋषभ केशवानी की गोराबाजार तिलहरी में पापुलर ब्रेड की फैक्ट्री है। जहां पुरानी जर्जर बिल्डिंग की तुड़ाई का काम चल रहा था। शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे भूरेलाल विश्वकर्मा निवासी ग्राम घुघरा थाना मोहगांव जिला मण्डला का छत में चढक़र तुड़ाई का काम कर रहा था तभी अचानक छत के छज्जा नीचे गिर गया जिसके नीचे भूरेलाल दब गया हादसे में भूरेलाल के शरीर के दो टुकड़े हो गए थे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना को छिपाने की भी कोशिश की गई थी करीब डेढ़ घंटे के बाद गोराबाजार पुलिस को सूचना दी गई थी।
अयूब के पास था बिल्डिंग तुड़ाई का ठेका
पुलिस ने सुरेन्द्र विश्वकर्मा 35 वर्ष निवासी ग्राम घुघरा थाना मोहगांव जिला मण्डला के बयान लिए तो उसने बताया कि ठेकेदार अयूब के कहने पर अपने साथी शिव प्रसाद, भाई भूरेलाल विश्वकर्मा 35 वर्ष, शिवकुमार विश्वकर्मा के साथ ब्रेड फैक्ट्री की बिल्डिंग तोडऩे का काम करने के लिये आये थे बिल्डिंग तोडऩे का ठेका अय्यूब अली निवासी छोटी ओमती ने लिया था। ठेकेदार अयूब द्वारा मजदूरों की सुरक्षा के लिये कोई इंतजाम नहीं किये गए थे।
इनका कहना है
पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।
उदयभान बागरी, सीएसपी, केंट
