मीडियाकर्मी का मोबाइल लूटकर भागे बदमाश 

टीटी नगर में रिवेयरा टाउन के पास हुई वारदात

भोपाल, 19 जनवरी. टीटी नगर स्थित रिवेयरा टाउन के पास शनिवार रात स्कूटर सवार दो बदमाशों ने पैदल जा रहे मीडियाकर्मी के हाथ से मोबाइल फोन लूट लिया और भाग निकले. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखने पर पता चला कि वारदात कैमरे की रेंज से बाहर थी, इसलिए रिकार्ड नहीं हुई. जानकारी के अनुसार योगानंद श्रीवास्तव (30) मीडियाकर्मी हैं और पत्रकार कालोनी में रहते हैं. करीब एक महीने पहले ही उनका ट्रांसफर ग्वालियर से भोपाल किया गया था. शनिवार की रात करीब पौने दस बजे योगानंद न्यू मार्केट से पैदल चलते हुए पत्रकार कालोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे. रिवेयरा टाउन कालोनी के गेट के सामने पहुंचे तो उनकी टिफिन वाली महिला का फोन आया. उसने टिफिन कहां रखना है, यह पूछने के लिए फोन लगाया था. योगानंद जेब से मोबाइल निकालकर बात करते हुए चलने लगे. इसी बीच पीछे से आ रहे स्कूटर सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और भाग निकले. योगानंद ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन पैदल होने के कारण वह उन्हें पकड़ नहीं पाए. घटना के बाद उन्होंने टीटी नगर थाने जाकर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई.

——–

डेढ़ साल बाद दर्ज कराई 4 लाख की चोरी

भोपाल, 19 जनवरी. पिपलानी पुलिस ने एक सिक्योरिटी एजेंसी संचालक की रिपोर्ट पर 4 लाख रुपये की चोरी का मामला दर्ज किया है. घटना करीब डेढ़ साल पहले की बताई गई है. आरोपियों ने जब रुपये लौटने से इंकार कर दिया तो पीडि़त ने थाने जाकर शिकायत की. जानकारी के अनुसार पटेल नगर पिपलानी निवासी राजकुमार राजपूत (52) सिक्योरिटी एजेंसी चलाते हैं. अगस्त 2023 में गांव से उनका ममेरा भाई राजा ठाकुर अपने दोस्त विक्रम राजपूत के साथ भोपाल आया था. दोनों सेकेंड हैंड कार खरीदने के लिए आए थे और राजकुमार के घर पर ठहरे थे. इस दौरान उन्होंने कमरे में रखी संदूक से 4 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे. राजकुमार ने जब ममेरे भाई से पूछताछ की तो पहले तो उसने रुपए चुराने से इंकार कर दिया, लेकिन जब उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो राजा ने रुपये लौटने की हामी भर ली. लंबा समय बीतने के बाद भी जब राजकुमार को रुपये वापस नहीं मिले तो उन्होंने थाने जाकर राजा और विक्रम के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया.

Next Post

खाटूश्यामजी से इंदौर जा रही बस पलटी, 17 लोग घायल

Sun Jan 19 , 2025
बस में फंंसे पिता पुत्र को रेस्क्यू कर निकाला, उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गणेशपुरा जोड़ पर हुआ हादसा   सुसनेर, 19 जनवरी. रविवार की सुबह साढ़े 6 बजे के लगभग उज्जैन झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552 जी पर स्थित 7 वां मील के समीप गणेशपुरा जोड़ पर सडक़ हादसा हो […]

You May Like