दमोह: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तीन गुल्ली इलाके में शुक्रवार रात पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर तीन युवक और पांच युवतियों को संदिग्ध हालत में हिरासत में पकड़ा है. जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कोतवाली लाया गया और देह व्यापार व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर संचालक नहीं मिला. जानकारी के अनुसार तीन गुल्ली क्षेत्र में एक स्पा सेंटर काफी दिनों से संचालित हो रहा है, जहां अनैतिक गतिविधियों होने की जानकारी कोतवाली पुलिस को प्राप्त हुई थी.
शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस और महिला थाना पुलिस के द्वारा इस स्पा सेंटर पर छापा मारा गया. जहां पर पांच लड़कियां और तीन लड़कों को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया. इसके साथ ही जब स्पा सेंटर की छानबीन की गई, तो वहां कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है. सूचना मिलने के बाद डीएसपी महिला प्रकोष्ठ भावना दांगी, महिला थाना टीआई फेमिदा खान, टीआई कोतवाली आनंद राज, सब इंस्पेक्टर शिवांगी गर्ग, महमूदा खान, प्रधान आरक्षक आशीष, प्रमोद चौबे, आरक्षक बिजेंद्र मिश्रा, आकाश पाठक, आरक्षक राजेष, आरक्षक महेन्द्र,नरेंद्र पटेरिया, केके लोधी, रूपनारायण भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी.
उन्होंने बताया कि स्पा सेंटर पर काफी दिनों से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी. इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार रात यहां छापा मारा. जहां युवक, युवतियां संदिग्ध हालत में मिले हैं. साथ ही कुछ सामग्री भी संदिग्ध मिली है. जिसे जब्त किया गया है. इन लोगों पर देह व्यापार व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर जिला अस्पताल में एमएलसी पश्चात जेल भेजा गया.डीएसपी भावना दांगी ने बताया कि यह स्पा सेंटर किसी दीपू ठाकुर नाम के व्यक्ति के नाम से संचालित होता है, जो अभी मौके पर नहीं मिला है. इसकी भी जांच की जा रही है कि स्पा सेंटर कब से संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल है. बता दें इस कार्रवाई के बाद शहर में चलने वाले अन्य स्पा सेंटर में भी हड़कंप के हालात बने हुए हैं. हालांकि पुलिस के द्वारा स्पा सेंटर पर कार्रवाई नहीं की जाती. करीब एक साल पहले स्टेशन चौराहा पर जरूर कोतवाली पुलिस के द्वारा कार्रवाई की थी, लेकिन उसके बाद यह कार्रवाई रुक गई और शुक्रवार की रात एक और कार्रवाई को पुलिस के द्वारा अंजाम दिया गया है
