पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की
इंदौर: राऊ क्षेत्र की ओम साईंनाथ कॉलोनी में दहेज लोभी पति और सास की प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. पुलिस ने जांच के बाद पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु करते हुए उनकी तलाश शुरू की.राऊ पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार 23 दिसंबर की है. थाना क्षेत्र के ओम सांईनाथ कालोनी में रहने वाली पूजा राठौर ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
मामले में पुलिस ने घटना के बाद मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की. जांच में खुलासा हुआ कि पूजा को उसका पति मनोज राठौर और सास काशीबाई राठौर छोटी-छोटी बातों पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि आरोपी मां-बेटे पूजा को दहेज के लिए तंग करते थे और जब पूजा उनका विरोध करती, तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी. इसी उत्पीड़न से परेशान होकर पूजा ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया. जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने पति मनोज और सास काशीबाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज करदोनों आरोपियों की तलाश शुरु की.
