
जबलपुर। रांझी पुलिस थाना के दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई राहत न मिलने से खफा रांझी जोन के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को उग्र रूप धारण किया और उन्होनें दर्शन तिराहे रांझी में कचरे के ढेर सड़क पर फैला दिया। कचरे का ढेर लगते ही आवारा मवेशियों का झुंड सड़क पर आ गया और फिर जाम के हालात निर्मित हो गए। इस दौरान महिला व पुरूष सफाई कर्मचारियों ने कहा कि अब तो हद हो गई है, 4 माह बीत चुके हैं और वेतन के नाम पर एक रुपए भी नहीं मिला है इस लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क पर कचरा फेंकने का कृत्य ये पहली बार नहीं हुआ है इसके पहले कुछ दिनों पहले भी सफाई कर्मचारियों ने रांझी इलाके की सड़कों पर कचरा फैलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। बुधवार को दोबारा कर्मचारियों ने यही रवैया अपनाया और नगर निगम के जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराने का प्रयास किया। सड़क पर दोबारा कचरा फैलाने की खबर मिलते ही नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित सफाई कर्मचारियों को फिर से आश्वासन दिया कि आप लोगों का वेतन दिलाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। कृप्या शांति बनाए रखें।
150 कर्मचारियों का अटका है भुगतान
जानकारी के अनुसार रांझी जोन के करीब 150 कर्मचारियों का 4 माह का वेतन अटका हुआ है जिसके कारण उन्हें आर्थिक रूप से बहुत समस्या झेलनी पड़ रही है। विदित हो कि गत दिवस नगर निगम के रांझी जोन के सुपरवाइजर के खिलाफ सफाई कर्मचारी एफआईआर कराने की मांग लेकर रांझी थाने पहुंचे थे। जहां कर्मचारियों का कहना था कि उनसे झूठ बोलकर काम लिया जार रहा है और वेतन कुछ नहीं दिया जा रहा है।
