38वें नेशनल गेम्स: ताइक्वांडो के लिए ओपन ट्रायल 20-21 जनवरी को

लखनऊ, (वार्ता) 38वें नेशनल गेम्स के अंतर्गत ताइक्वांडो की स्पर्धा में वाइल्ड कार्ड इंट्री के लिए ओपन सलेक्शन ट्रायल का आयोजन 20 व 21 जनवरी, 2025 को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होगा।

ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव आरडी मंगेशकर ने बताया कि इस ट्रायल में वे पुरुष व महिला खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनकी आयु 31 दिसंबर तक 17 वर्ष से अधिक है। यह ट्रायल ब्लैक बेल्ट श्रेणी में आयोजित किया जाएगा।

ट्रायल में क्योरगी में सीनियर पुरुष व महिला वर्ग के 8-8 भार वर्ग और सीनियर पूमसे (30 वर्ष से कम) में पुरुष व महिला वर्ग व्यक्तिगत, मिक्सड पेयर और ग्रुप श्रेणी की स्पर्धाएं होंगी। ट्रायल के आधार पर प्रत्येक क्योरगी भार वर्ग में पुरुष और महिला खिलाड़ियों में से 2-2 का चयन होगा। इसी तरह पूमसे की प्रत्येक श्रेणी में भी 2-2 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। 38वें नेशनल गेम्स में ताइक्वांडो की स्पर्धाएं चार से आठ फरवरी तक हल्द्वानी (उत्तराखंड) में आयोजित होंगी।

ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार ने बताया कि सर्विसेज के एथलीटों को छोड़कर अर्धसैनिक बलों (आसाम राइफल्स, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आईटीबीपी, बीएसएफ) के एथलीट, जिन्होंने 40वीं राष्ट्रीय सीनियर क्योरगी और 13वीं राष्ट्रीय सीनियर पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप: 2024 में प्रतिभाग किया था लेकिन राष्ट्रीय खेलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके थे वह इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं। ट्रायल में राज्यों के वह खिलाड़ी भी भाग ले सकते है जिन्होंने 40वीं राष्ट्रीय सीनियर क्योरगी और 13वीं राष्ट्रीय सीनियर पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप: 2024 में भाग नहीं लिया हों।

 

Next Post

खेल रत्न पुरस्कार मुझे और अधिक जीत के लिए प्रेरित करेगा: मनु भाकर

Sat Jan 18 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित भारतीय पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में देश को गौरवान्वित करने और अधिक जीत हासिल करने का प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगा। […]

You May Like