
उप मुख्यमंत्री ने माडल स्कूल के नवनिर्मित आडिटोरियम का किया लोकार्पण
रीवा:उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शिक्षित एवं संस्कारवान बनकर भारत को विश्वगुरू बनाने में अपनी सहभागिता निभायें. हम विश्व को परिवार मानते हैं और हम में विश्वगुरू बनने की सामर्थ है अत: सभी के समन्वित प्रयास से ही भारत विश्वगुरू का स्थान प्राप्त करेगा. श्री शुक्ल ने माडल स्कूल रीवा में 709 लाख रूपये से निर्मित आडिटोरियम एवं परिसर के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया.
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित माडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आडिटोरियम विद्यालय के लिये सौगात है. इस विद्यालय की प्रतिष्ठा पहले से ही रही है. यहां प्रवेश पाने वाले छात्र सौभाग्यशाली हैं. शिक्षकों के समर्पण एवं निष्ठा से यहां के छात्र संस्कारित हैं. उन्होंने शिक्षकों का आहवान किया कि विद्यार्थियों में मानवीय गुण विकसित करें. क्योंकि बिना संवेदनशीलता व मानवीय गुणों एवं संस्कारों के जीवन अधूरा है.
उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने संस्कार व संस्कृति को न भूलें तथा नशे की प्रवृत्ति से दूर रहें एवं नशा छोडऩे के लिये लोगों को जागरूक करें. उप मुख्यमंत्री ने आडिटोरियम में साउंड सिस्टम की स्थापना तथा कुर्सी लगाये जाने हेतु इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिये. उन्होंने माडल स्कूल ग्राउंड में मिनी स्टेडियम निर्माण का भी इस्टीमेट बनाने की बात कही. कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षद अर्चना पाण्डेय प्राचार्य महेश तिवारी, पूर्व प्राचार्य पंकज शर्मा, डॉ. अनिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे
