नीमच, 09 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के नीमच जिले की पुलिस ने एक घर से लाखों रुपये नकद और सोने-हीरे के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 लाख रुपये नगद, 330 ग्राम सोना, 76 हीरे के नग, एक अल्टो कार, एक टाटा ट्रक और एक प्लॉट की रजिस्ट्री बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 28 दिसंबर को इस मामले में फरियादी अनिल नागौरी ने नीमच कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने बैंक के लॉकर में रखने के लिए सोने और हीरे जड़े आभूषण निकालने के लिए अलमारी खोली, लेकिन वे गायब थे। साथ ही दूसरी अलमारी में रखी लाखों रुपये की नगदी भी चोरी हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी द्वारा एक विशेष टीम गठित की गयी। पुलिस टीम ने सबसे पहले घर में काम करने वाले व्यक्तियों और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान फरियादी के घर में काम करने वाले संदेही दिलीप सिंह को हिरासत में लिया गया। गहन पूछताछ के दौरान उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने साथी का नाम भी उजागर किया।
पुलिस ने आरोपियों से त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 लाख रुपये नगद, 330 ग्राम सोना, 76 हीरे के नग, एक अल्टो कार, एक टाटा ट्रक और एक प्लॉट की रजिस्ट्री जब्त की।

