दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को मतदान, परिणाम आठ को आएंगे

नयी दिल्ली 07 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में पांच फरवरी को मतदान होगा और परिणाम आठ फरवरी को आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि यहाँ एक चरण में सभी 70 सीटों पर पाँच फ़रवरी को मतदान होगा जबकि मतगणना आठ फ़रवरी को होगी।

श्री कुमार ने कहा कि दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख कुल मतदाता हैं, जिनमें 83 लाख से ज्यादा पुरुष और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता है। कुल 13 हजार 33 पोलिंग बूथ हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने इलेक्ट्रॉिनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से किसी तरह के छेड़छाड़ को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ईवीएम में अवैध वोट डालने की संभावना नहीं है। ईवीएम फुलप्रूफ डिवाइस है। इसे मतदान के बाद सील कर दिया जाता है। ईवीएम किसी भी तरह से हैक नहीं हो सकता है और यह चुनाव का सबसे सुरक्षित तरीका है। मतों की गिनती से पहले हर ईवीएम की सील चेक होती है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की कल अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल एक करोड़ 55 लाख 24 हज़ार 858 मतदाता है। इनमें कुल 83 लाख 49 हज़ार 645 पुरुष और 71 लाख 73 हज़ार 952 महिला मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1261 है।

मतदाता पहचान पत्र पाने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के मामले में 24 लोगों के खिलाफ आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के खिलाफ चेतावनी दी है।

ग़ौरतलब है कि 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें और भाजपा को आठ सीटें मिली थी । वहीं, कांग्रेस पार्टी अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही थी।

Next Post

मतदान व्यवस्था निष्पक्ष, ईवीएम हैक-प्रूफः मुख्य चुनाव आयुक्त

Tue Jan 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 जनवरी (वार्ता) मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव को लेकर विवाद खड़ा करने वालों को मंगलवार को एकबार और करारा तथा विस्तृत जबाव देते हुये भारत की चुनाव प्रक्रिया को विश्व की सबसे साफ-सुथरी और सुव्यवस्थित तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को हैकिंग-प्रूफ बताया। श्री कुमार ने […]

You May Like