दो उपयंत्रियो को शोकाज नोटिस, 856 जारी की गई थी नोटिस
रीवा:नगर निगम आयुक्त डा0 सौरभ सोनवणे ने सोमवार को कंपाउंडिंग मामलो को लेकर जोनवार प्रकरणों की समीक्षा की. आयुक्त ने अनावश्यक प्रकरणों को लंबित रखने और गलत जानकारी प्रस्तुत करने वाले तीन कंसल्टेंट्स को तत्काल प्रभाव से टर्मिनेट करने के निर्देश दिए हैं.उन्होंने कहा कि कंसल्टेंट्स द्वारा जानबूझकर प्रकरणों में विलंब या लापरवाही बरतने और अनावश्यक मांगें करने पर जनता सीधे निगम आयुक्त के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर शिकायत कर सकती है.
ऐसे मामलों में संबंधित कंसल्टेंट्स के खिलाफ टर्मिनेशन के साथ वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी. उल्लेखनीय है कि मुख्यमार्गों पर व्यावसायिक भवनों पर अनुज्ञा के विपरीत निर्माण किए गए व्यावसायिक भवनों को कंपाउंडिंग नोटिस जारी किए गए हैं. अब तक जोनवार 856 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 254 प्रकरण कंपाउंडिंग के लिए प्रस्तुत किए गए हैं. जिनमें 2 करोड़ 43 लाख 28 हजार 303 रू. भी जमा कराया जा चुका है. बाकी जारी किये गये नोटिस के अन्य प्रकरणों पर भी नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे कंपाउंडिंग के कार्यवाही समान रूप से विधिवत किए जाए जितने नोटिस जारी किये गये है उनका विधिवत फालोअप सुनिश्चित करें. सभी प्रकरणों की विस्तृत रूप से प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी जिससे कार्यवाही प्रभावी ढंग से हो. इस दौरान प्रभावी कार्रवाई न करने पर उपयंत्री सुनील मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. उपयंत्री नरेन्द्र जोगी को सात दिवस अवैतनिक करने की नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. नगर निगम के डीसीआर शाखा के एबीपीएस कर्मचारी टीमलीडर करण को प्रकरण लम्बित पाये जाने पर वेतन रोके जाने के निर्देश दिए. आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी
