- भाजपा की लिस्ट में दो पूर्व सांसदों का भी नाम
- केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा और आतिशी के खिलाफ रमेश विधूड़ी को टिकट
नई दिल्ली,04 जनवरी, नससे.
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. लिस्ट में भाजपा के दो पूर्व सांसदों को टिकट दिया गया है जिन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया गया था. इसमें से एक पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को नई दिल्ली सीट से टिकट दिया है. यहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से होगा. वहीं दूसरे पूर्व सांसद रमेश विधूड़ी को मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से मैदान में उतारा है.
नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा के उम्मीदवारी की चर्चा पहले से थी इसलिए अरविंद केजरीवाल प्रवेश वर्मा के खिलाफ हमलावर हैं. केजरीवाल इस बात को भलीभांति जानते हैं कि नई दिल्ली सीट पर इस बार मुकाबला आसान नहीं है. कांग्रेस ने पहले ही इस सीट से पूर्व सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित के उम्मीदवारी घोषणा कर दी थी. अब भाजपा प्रत्याशी के एलान के बाद यहां पर कडा त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है.
कालकाजी से रमेश विधूड़ी को प्रत्याशी बनाए जाने से एक बात तो साफ है कि भाजपा की रणनीति आप के बड़े नेताओं को उनके सीट पर फंसा कर रखने की है. इसी रणनीति के तहत भाजपा दिल्ली के दो बड़े नेताओं को केजरीवाल और आतिशी के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है.
इसके अलावा अपनी पार्टी से बगावत कर भाजपा में शामिल होने वाले तीन नेताओं को भी टिकट दिया गया है. आप से बगावत कर भाजपा में आए कैलाश गहलोत को बिजवासन और राजकुमार आंनद को पटेल नगर से टिकट दिया है. कांग्रेस से बगावत करने वाले दिग्गज नेता अरविंदर सिंह लवली को गाँधी नगर सीट से मैदान में उतारा है. इसके अलावा भाजपा के वर्तमान विधायक जितेंद्र महाजन, अजय महावर, विजेंद्र गुप्ता और ओपी शर्मा पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है.
