
सतना/चित्रकूट। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो भरत मिश्रा के निर्देश पर आज कला संकाय अंतर्गत लोक शिक्षा एवं जन संचार विभाग के सभागार में बी.एड. , एम.एड. , आई. टी. ई .पी. (बी.ए.बी.एड. , बी.एस.सी.बी.एड.) पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं के लिए अतिथि व्याख्यान सम्पन्न हुआ।
व्याख्यान का विषय समकालीन भारत और शिक्षा रहा। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के डॉ हेमेंद्र कुमार सिंह प्रोफेसर शिक्षा शास्त्र ने भारत में प्राचीन काल से वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का वर्णन करते हुए बताया कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली का प्रादुर्भाव प्राचीन काल की शिक्षा व्यवस्था से हुआ है । वैदिक कालीन शिक्षा व्यवस्था की विशेषताओं, गुरुकुलों के महत्व एवं बौद्ध कालीन शिक्षा संस्थानों जैसे नालंदा एवं तक्षशिला विश्वविद्यालयों की गौरवशाली शिक्षा व्यवस्था का वर्णन किया । भारत में विश्व के लगभग 25 देशों से विद्यार्थी विद्या अध्ययन के लिए इन प्रतिष्ठित संस्थानों में आते थे। नालंदा एवं तक्षशिला विश्वविद्यालयों की गौरवशाली शिक्षा प्रणाली के उपरांत मध्यकालीन शिक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए डॉ सिंह ने ब्रिटिश कालीन शिक्षा व्यवस्था का वर्णन किया । उन्होंने अंग्रेजी शिक्षा में आए परिवर्तन तथा भारत की शैक्षिक व्यवस्था में अंग्रेजी शिक्षा के सूत्रपात का प्रकाश डाला । स्वतंत्रता पूर्व एवं स्वतंत्र भारत में शिक्षा में हुए नवाचारों एवं सुधारों का विस्तार से बताते हुए वर्तमान समय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों तथा शिक्षक शिक्षा में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर कला संकाय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष सहित संकाय सदस्य मौजूद रहे।
बस चालकों से अड़ीबाजी करने वाले दो गिरफ्तार
– सिंहपुर थाना पुलिस की कार्रवाही
फोटो…
सतना, । थाना सिंहपुर पुलिस ने अड़ीबाजी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके पहले इसी मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नीलेश कुमार उपाध्याय पिता मुन्नालाल उपाध्याय (25) निवासी नोनिया थाना नागौद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 दिसंबर की सुबह 8.45 बजे पनगरा से अपने नम्बर पर बस लेकर आमा बस स्टैण्ड पहुंचा। बस खड़ी कर ड्रायवर धीरेन्द्र कुशवाहा के साथ खड़ा था तभी करीब 9 बजे ग्राम भाजीखेरा के नमो सिंह बघेल, निखिल सिंह बघेल एवं कैलाश गर्ग आए और बस की चाभी निकाल लिए। गालियां देते हुए गुंडा टैक्स मांगने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई। इसके बाद 9.50 बजे दूसरी बस एमपी 19 पी 1173 आमा बस स्टैण्ड पहुंची तो यही तीनों आरोपियों ने बस के ड्रायवर राजेश कुमार वर्मा को बस से नीचे उतार कर बस की चाभी निकालते हुए उसे धमकाकर मारपीट शुरू कर दी। बस में तोडफ़ोड़ भी की गई। इसी मामले में आरोपी सार्थक सिंह बघेल उर्फ नमो पिता कृष्ण प्रताप सिंह निवासी भाजीखेरा को गिरफ्तार कर पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। अब कैलाश गर्ग पिता स्व. रम्मू गर्ग, निखिल सिंह बघेल पिता समरेन्द्र सिंह बघेल दोनों निवासी ग्राम भाजीखेरा को गिरफ्तार कर कार्रवाही की गई है। इस कार्रवाही में उप निरीक्षक अजय अहिरवार थाना प्रभारी सिंहपुर, एएसआई अमृतलाल वर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश दुबे, मोहित प्रजापति, रजनीश की अहम भूमिका रही।
……………
नाबालिग से बलात्कार का आरोपी गिरफ्तार
– सिंहपुर थाना पुलिस ने भेजा जेल
फोटो…
सतना, देशबन्धु। नाबालिग लड़की से बलात्कार करने के एक आरोपी को सिंहपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसे कार्रवाही के बाद सोमवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला अपनी भतीजी को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने आई थी। उसने बताया कि रामविश्वास चौधरी ने उसके साथ बलात्कार किया है। पीडि़ता के बयान के आधार पर प्रकरण कायम कर आरोपी रामविश्वास चौधरी पिता विश्राम चौधरी (60) निवासी ग्राम डडिया को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाही में उप निरीक्षक अजय अहिरवार थाना प्रभारी सिंहपुर, एएसआई अमृतलाल वर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश दुबे, आरक्षक मोहित प्रजापति, रजनीश सिंह, नरेन्द्र पटेल की अहम भूमिका रही।
…………………..
देसी बम के विस्फोट से गाय-बैल जख्मी
– पुलिस ने दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
सतना, देशबन्धु। रामनगर थाना क्षेत्र में देसी बम के विस्फोट से गाय- बैल जख्मी हो गए। इस मामले की खबर लगते ही पुलिस सक्रिय हुई तो पता चला कि कुबरी जंगल में सुअरों को मारने के लिए रखे गए देसी बम की चपेट में आने से गाय और बैल जख्मी हुए हैं। मवेशी मालिकों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर पारदी डेरे की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि डेरे के बाकी सदस्य पुलिस के डर से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, कुबरी निवासी रामपाल सिंह गोड़ रविवार को अपने और भाई छोटेलाल सिंह गोड़ के 3 दर्जन मवेशियों को चराने के लिए जंगल ले गया था। वापस आते समय सोन नदी पुल के पास गाय- बैल घास चरने लगे तभी जोरदार धमाका हुआ। जिससे पोंडिया बैल और छोटेलाल की धौराजी गाय के जख्मी हो गए। दोनों के मुंह से खून बहने लगा। यह देख रामपाल मवेशियों को घर ले गया। जहां उसके बेटे राजू सिंह ने घायल गाय- बैल की हालत देखकर उपचार शुरू कराया। गांव वालों ने कलियावाला नाले के पास तीन दिन पहले आकर डेरा जमाने वाले पारदी लोगों पर जंगली सुअरों के शिकार के लिए देसी बम रखने का संदेह जताया। पारदियों के डेरे पर दबिश दी गई लेकिन दो महिलाओं को छोड़ कोई नहीं मिला।
झोपडिय़ों की तलाशी लेने पर देसी बम बरामद हुए। इस मामले में उतुरना उर्फ नितुरना पारदी पति तनाने पारदी निवासी डरौरी, थाना बरही और दूजा पति जब्बर पारदी निवासी बूड़ा थाना रीठी जिला कटनी को हिरासत में ले लिया गया। यह इलाका शहडोल जिले की सीमा से लगा हुआ है। सोन पुल के दूसरी तरफ देवलौंध का बुड़वा गांव शुरू हो जाता है, जहां से तीन दिन पहले ही पारदियों ने रामनगर की सीमा में डेरा जमाया था।
…
