भोपाल, 01 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में यूनियन कार्बाइड से रिसी गैस के पीड़ितों के लिए खुले एक क्लीनिक केे पंजीयन पर कथित तौर पर लगी रोक को हटाने के लिए गैस पीड़ितों की ओर से आज से विरोध प्रदर्शन शुरु हो गया।
‘जहर पीड़ित इलाज अधिकार मोर्चा’ नाम के संगठन की ओर से ये शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ है। आरोप है कि सम्भावना ट्रस्ट क्लिनिक नाम के इस क्लीनिक के पंजीयन पर पाबंदी लगा दी गई है, जिसे हटाने के लिए ये विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
दो दिन पहले हाल ही में गठित ‘यूनियन कार्बाइड जहर पीड़ित इलाज अधिकार मोर्चा’ के सदस्यों ने सार्वजनिक तौर पर घोषणा की थी कि ये क्लीनिक धन की कमी के कारण बंद हो रहा है और इसके विरोध में सम्भावना क्लिनिक के लाभार्थी और कर्मचारी शांतिपूर्ण अभियान शुरू करेंगे।
मोर्चे का आरोप है कि गृह मंत्रालय एफसीआरए के तहत पंजीकरण देने में ज़्यादा समय ले रहा है और इसकी वजह से क्लीनिक का संचालन नहीं हो पा रहा है। मोर्चे ने कहा था कि उन्होंने इस संबंध में गृह मंत्री को एक पत्र भी लिखा है। मोर्चे का दावा है कि ये क्लीनिक यूनियन कार्बाइड हादसे के पीड़ितों को मुफ्त और विशेष इलाज दे रहा है।
