भोपाल, 26 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत अनेक नेताओं ने भी डॉ सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपने शोक संदेश में कहा है, “पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें। आरबीआई के पूर्व गवर्नर, देश के वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री जैसे दायित्व को निभाते हुए उन्होंने अपनी कुशल और दूरदर्शी नीतियों से देश की आर्थिक समृद्धि के प्रयासों में सहभागिता की और विभिन्न चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया। देश के आर्थिक विकास में योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने शोक संदेश में लिखा है, “देश के पूर्व प्रधानमंत्री व प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन राजनीतिक जगत के लिए बड़ी क्षति है। जनसेवा व राष्ट्रोत्थान के उनके प्रयास सदैव याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें व शोकमय परिजन को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ओम शांति।”
राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रदेश भाजपा के अनेक पदाधिकारियों ने भी डॉ सिंह के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
डाॅ मनमोहन सिंह का आज रात 92 वर्ष की आयु में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया है।