नवभारत न्यूज
खंडवा। लोकसभा चुनाव की वोटिंग 13 मई को होगी। हाल ही में कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया है। नरेंद्र पटेल कांग्रेस से प्रत्याशी हैं। इन्हें जनता के बीच जाने के लिए एक महीना भी नहीं मिला।
इस बीच गणगौर,रामनवमी,ईद,महावीर जयंती और ऐसे कई बड़े त्यौहार आ गए, जिसमें लोग नेतागिरी का हस्तक्षेप बिल्कुल पसंद नहीं करते।
यह अलग पैटर्न का चुनाव
कुल मिलाकर, यह चुनाव अलग ही पैटर्न पर लड़ा जा रहा है। इसी मसले पर कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने ( नव-भारत) से बातचीत की। सीधी और सपाट लैंग्वेज में नरेंद्र पटेल का कहना है, 20 लाख मतदाता और 220 से ज्यादा पोलिंग केंद्र हैं। एक महीने पहले मुझे टिकट मिला है। मैं हर मतदाता से रूबरू वोट मांगने नहीं जा सकता। लोकसभा का यह चुनाव आठ विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर होगा। इस तरह का बड़ा चुनाव कार्यकर्ता लड़ते हैं। प्रत्याशी केवल एक सिंबल होता है।
कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह
नरेंद्र पटेल ने बताया कि वह सभी विधानसभा क्षेत्र में सरसरी तौर पर घूम चुके हैं। कार्यकर्ताओं और बड़े कांग्रेसियों से भी मिल चुके हैं। उनमें गजब का उत्साह है। इस बार कांग्रेस को ही खंडवा लोकसभा क्षेत्र से नेतृत्व मिलने वाला है। नेतृत्व के सवाल पर नरेंद्र पटेल कहते हैं कि हर वर्ग तो परेशान है। मोदी और भाजपा से लोग ऊब चुके हैं। महंगाई चरम पर है।
सब मुझे नहीं पहचानते!
नरेंद्र पटेल ने कहा कि उन्हें, सब लोग रूबरू नहीं पहचानते,लेकिन कांग्रेस और हाथ के पंजे को जरुर जानते हैं। कांग्रेस की इस बार आश्चर्यजनक जीत होगी, और लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए मैं दिल्ली में हर संभव प्रयास करूंगा। बाबा साहब के संविधान को बदलने की बात करने वालों को तो जनता ही सबक सिखा देगी।
किचन की हालत देखी है आपने
महिलाओं के किचन का बजट किस स्थिति में है? यह सब को पता है! पेट्रोल के दाम आसमान चढ़ गए हैं। कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद राज्य और केंद्र सरकार दोनों मिलकर खुले हाथों से पेट्रोल खरीदने वालों पर से टैक्स पर टैक्स लादे जा रही है। किसनों की हालत खराब है। उद्योग धंधे और बेरोजगारी निमाड़ में किसी से छुपी नहीं है।