मध्यप्रदेश विधानसभा में संसद की घटना को लेकर हंगामा, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

भोपाल, 20 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज देश की संसद से जुड़े कल के घटनाक्रम को लेकर हुए हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी और इसी के साथ पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र संपन्न हो गया।

सत्र के अंतिम दिन कार्यसूची में शामिल सभी विषयों को पूर्ण करने के बाद अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने एक अंतिम विषय पर कार्यवाही आगे बढ़ायी। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने देश की संसद में कल हुए घटनाक्रम का मामला उठाया। इसका कांग्रेस सदस्यों ने जमकर विरोध किया। इसी बात को लेकर भाजपा और कांग्रेस के सदस्य आमने सामने आ गए। देखते ही देखते सदन शोरगुल में डूब गया।

अध्यक्ष श्री तोमर ने सभी सदस्यों से शांत रहने का बार बार अनुरोध किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं होता देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।

इसके पहले कांग्रेस के सभी सदस्य आज सदन में एक केंद्रीय मंत्री द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर पर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में नीले रंग का गमछा डाल कर पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पार्टी के लगभग सभी विधायक नीले रंग का गमछा पहने हुए थे।

सदन की कार्यवाही शुरु होने के पहले कांग्रेस विधायकों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने और डॉ अंबेडकर के कथित अपमान के विरोध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में संविधान की किताब लेकर विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने हाथों में संविधान की किताब लेकर नारेबाजी भी की।

Next Post

पंजाब में बारिश सामान्य से 95 प्रतिशत कम, सूखे के आसार

Fri Dec 20 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email जालंधर 20 दिसंबर (वार्ता) कम बारिश और गिरते भूमिगत जल स्तर के कारण पंजाब में 37 साल के बाद फिर भयंकर सूखा पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों अनुसार चंडीगढ़ में सामान्य से 96 प्रतिशत, […]

You May Like

मनोरंजन