श्रीनगर, 12 नवंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में गुरुवार से तीन दिन तक वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) श्रीनगर ने बताया कि श्रीनगर-लद्दाख राजमार्ग पर जोजिला दर्रा, राजदान दर्रा, उत्तरी कश्मीर में साधना दर्रा, किश्तवाड़ में सिंथन टॉप और ऐतिहासिक मुगल रोड सहित पहाड़ी दर्रों पर हल्की बर्फबारी के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कश्मीर घाटी के कई स्थानों और जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर 14-15 नवंबर को हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं। जम्मू- कश्मीर में कुछ स्थानों पर16 नवंबर को ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है जबकि 23 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
कश्मीर के सभी मौसम केंद्रों में मंगलवार देर रात दर्ज न्यूनतम तापमान सामान्य से 0-6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई और घाटी में सामान्य से 0. 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।