नारी शक्ति हमारे घर और हमारे देश का मान-सम्मान है: यादव

ग्वालियर, 09 अप्रैल  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि नारी शक्ति हमारे घर और हमारे देश का मान-सम्मान है। हम कोई भी तीज-त्यौहार माताओं-बहनों के बिना नहीं बनाते हैं। भाजपा अपने कार्यक्रमों की शुरूआत बेटियों की पूजा के साथ करती है। हम उस देश में रहते हैं, जहां भारत माता को पूजा जाता है।

डॉ यादव ने यह बात जिले के थाटीपुर में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले यहां पहुंचे मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत, सत्कार किया गया। डॉ यादव ने ग्वालियर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुड़ीपड़वा से चैत्र नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। 9 दिनों तक मां जगदंबा की आराधना की जाएगी। हमारी संस्कृति में तो माताओं, बहनों को पूजा जाता है। कोई भी शुभ कार्य, तीज-त्यौहार बिना माताओं, बहनों के नहीं बनाया जाता है। धन के लिए मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है तो ज्ञान के लिए मां सरस्वती को पूजा जाता है। शक्ति के लिए मां दुर्गा को पूजा जाता है।

उन्होंने कहा कि हम तो उस देव संस्कृति के लोग हैं, जो केवल अपने माता-पिता को देख ले तों सीधे-सीधे देवी-देवताओं से जुड़ जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने हमेशा से महिलाओं को पहली प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री लाडली योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और अब मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाकर माताओं, बहनों को उनका सम्मान दिलाया है।

ग्वालियर के थाटीपुर में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों ने हमेशा से बहनों को प्राथमिकता दी है। भाजपा की सरकारों ने महिलाओं के लिए लाडली लक्ष्मी योजना, कन्यादान योजना, लाडली बहना योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की है। मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाता है तो वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घोषणा की है कि अब लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने ग्वालियर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।

भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार हमारी बहनों के उत्थान के लिए हमेशा कटिबद्ध रही हैं। केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की मोहन सरकार ने महिलाओं के लिए अनेकों योजनाएं चलाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का काम किया है। लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, गैस उज्जवला योजना जैसी अनेकों योजनाओं से हमारी बहनें लाभांवित हो रही हैं। वे सभी को विश्वास दिलाते हैं कि आप सभी बहनें भाजपा के पक्ष में शत प्रतिशत मतदान करें वे ग्वालियर के विकास में कोई कमी नहीं छोडेंगे।

महिला सम्मलेन में प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, संभागीय प्रभारी विजय दुबे, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री माया सिंह, इमरती देवी, नरेंद्र बिरथरे, जयसिंह कुशवाह, मनोज तोमर आदि उपस्थित रहे।

Next Post

दूसरे चरण के सात लोकसभा क्षेत्र में 88 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में

Tue Apr 9 , 2024
भोपाल, 09 अप्रैल  मध्यप्रदेश में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा के दूसरे चरण के लिये भरे गये नाम निर्देशन पत्रों की वापसी प्रक्रिया के बाद अब 88 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन सोमवार को 5 अभ्यर्थियों […]

You May Like