पन्ना, 02 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री कैप्टन जयपाल सिंह का 80 वर्ष की आयु में आज सुबह पन्ना में निधन हो गया। वे लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।
पूर्व गृह मंत्री जयपाल सिंह पवई विधानसभा से दो बार विधायक रहे और बोरा सरकार में मध्यप्रदेश के गृह मंत्री भी रहे। वे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के अभिन्न मित्रों में से एक थे। श्री गांधी के साथ में वे पायलट रहे हैं और उनकी दोस्ती पायलट ट्रेनिंग के दौरान ही हुई थी। प्रदेश की राजनीति में प्रभावी दखल रखने वाले वयोवृद्ध कांग्रेस नेता कैप्टन सिंह के निधन पर पन्ना सहित प्रदेश भर के कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। पन्ना स्थित उनके निवास में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सुबह से तांता लगा हुआ है। कैप्टन सिंह के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।