लीमा (पेरू), (वार्ता) भारत की जूनियर निशानेबाजी टीम ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2024 के आखिरी दिन एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। इसी के साथ टूर्नामेंट में भारत के पदकों की संख्या 24 हो गई और वह पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। परीशा गुप्ता ने महिलाओं की 50 मीटर पिस्टल में रजत पदक जीता। जबकि मुकेश नेलावल्ली ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल में कांस्य पदक जीता। यह टूर्नामेंट में उनका छठा पदक है। इसके अलावा, शार्दुल विहान और सबीरा हैरिस ने मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
परीशा ने महिलाओं की 50 मीटर पिस्टल में सराहनीय 540 अंक के साथ रजत जीता वहीं हंगरी की मिरियम जाको ने 546 अंकों के साथ जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अजरबैजान की सोफिया बरखालोवा ने 535 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
लीमा में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नेलावल्ली ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल में 548 अंकों के साथ अपने खाते में एक और कांस्य पदक जोड़ा। अजरबैजान के इमरान गरायेव ने 552 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता और रोमानिया के लुका जोल्डिया ने 550 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
मिश्रित टीम ट्रैप प्रतियोगिता में, विहान और हैरिस ने कुल 138 अंक बनाए और चेकिया और इटली से पीछे रहे।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में भारत मामूली अंतर से पदक से चूक गया। आशिमा अहलावत पहले सात सीरीज के बाद 25 अंकों के साथ इटली की सोफिया गोरी के साथ चौथे स्थान पर रहीं। गोरी ने 115 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर क्वालिफाई किया था, जबकि अहलावत 113 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
पूरी चैंपियनशिप में भारत का दबदबा रहा और उसने 13 स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रहने वाले इटली ने पांच स्वर्ण सहित 13 पदक जीते, जबकि नॉर्वे ने चार स्वर्ण सहित 10 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2024 में 51 देशों के 560 से अधिक निशानेबाजों ने भाग लिया। भारत ने प्रतियोगिता में सबसे बड़ा 61 सदस्यीय दल भेजा था।