पीएम- सीएम पर बरसे कांग्रेस के नेता,जीतू ने कहा एमपी में बैठाया पर्ची का मुख्यमंत्री

 

कांग्रेस की रैली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सतना सांसद से पूछे 5 सवाल

सतना।कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सतना में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पीएम- सीएम को भी निशाने पर लिया और मंच से सतना सांसद तथा भाजपा प्रत्याशी से 20 वर्षों की सांसद निधि के हिसाब के साथ ही पांच सवालों के जवाब भी मांगे।

कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा की नामांकन रैली में शामिल होने आए प्रदेशाध्यक्ष ने बीटीआई मैदान में आयोजित जनसभा के मंच से सिद्धार्थ कुशवाहा के पक्ष में मतदान कर विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है जब भाजपा और नरेंद्र मोदी के झूठे वादों पर जनता उन्हें सबक सिखाएगी। स्व कुंवर अर्जुन सिंह,बैरिस्टर गुलशेर अहमद और सुखलाल कुशवाहा की इस धरती से अब कांग्रेस का सांसद दिल्ली जाना चाहिए। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव,प्रदेश प्रभारी  भंवर जितेंद्र सिंह,सांसद विवेक तन्खा, विधायक डॉ राजेन्द्र कुमार सिंह एवं पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी भी मंचासीन रहे।

श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा ने मप्र में जनता और विधायकों का नहीं बल्कि  पर्ची का मुख्यमंत्री बैठाया है। प्रदेश की जनता से 2700 रु गेहूं और 3100 रुपए धान का समर्थन मूल्य देने को कहा था,लाडली बहनो ने शिवराज सिंह के 3 हजार देने के वादे पर भरोसा कर वोट दिए थे लेकिन जब चुनाव जीत गए तो मोदी ने एमपी में मोहन यादव को पर्ची का मुख्यमंत्री बना कर बैठा दिया। पर्ची के सीएम का फर्ज है कि वे इन वादों को पूरा करें लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। उन्होंने केंद्र सरकार,भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने स्विस बैंक में काला धन रखने वालों की लिस्ट लाने को कहा था लेकिन लिस्ट स्टेट बैंक की आ गई। भाजपा ने सबसे अधिक चुनावी चन्दा लिया लेकिन जवाब दूसरो से मांग रही है। भाजपा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अलग ही तरह का अभियान छेड़ रखा है जिसमे भाजपा में जाते ही लोगों के दामन पर लगी भ्रष्टाचार की कालिख मिट जाती है। आजतक 141 लोगो पर ईडी के छापे पड़े जिनमे से 121 लोग भाजपा में शामिल हो गए। सब साफ भी हो गए।

 

सतना सांसद से पांच सवाल-

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सतना में कांग्रेसी रैली के मंच से सतना सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह से 20 साल की सांसद निधि का हिसाब भी मांगा और 5 सवाल भी पूछे। पटवारी ने पूछा कि 20 साल के संसदीय कार्यकाल और केंद्र में 10 वर्ष के भाजपा शासन के बावजूद आजतक सतना में एक भी युनिवर्सिटी क्यों नहीं खुलवाई? जबकि प्रदेश में भी 18 वर्ष से अधिक समय से भाजपा का शासन है। सीमेंट प्लांटो में सप्लाई किसके पास है? वहां स्थानीय लोगों को रोजगार क्यों नहीं दिला पाए ? प्लांटो में सप्लाई सांसद और बीजेपी के लोगों की ही क्यों है? रोजगार बाहर के लोगो को क्यों है? माइनिंग पर भाजपा नेताओं और सांसद के परिजनों का एकाधिकार क्यों है? सतना के लोग कहां जाएं। पटवारी ने कहा कि सांसद एक वाइट पेपर जारी करें और बताएं कि 20 वर्षों की 200 करोड़ से अधिक की सांसद निधि से क्या हुआ? उन्होंने जनता से कहा कि भाजपा वाले आपके पास आएं तो उन्हें एक मुट्ठी चावल देकर विदा कीजिये और कांग्रेस को विजयी बनाइये।

सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि देश मे कांग्रेस को खत्म करने की भाजपा ने साजिश रची है, अकारण छापे मारे जा रहे हैं,खाते बंद किए जा रहे हैं। कांग्रेस के खाते से 135 करोड़ रुपए उड़ा लिए गए। तन्खा ने कहा कि अगर कांग्रेस नहीं बचेगी तो देश मे लोकतंत्र- प्रजातंत्र भी नहीं बच पायेगा। इसलिए देशहित में कांग्रेस को जिताने का संकल्प आप सभी को लेना है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि सतना को भय – भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ की जीत जरूरी है। इसलिए हर बूथ का कार्यकर्ता घर- घर जाए और काम मे जुट जाए।

प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ पार्टियों का नहीं बल्कि देश के अस्तित्व का है। इस चुनाव में कांग्रेस को जिताना जरूरी है क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ये चुनाव आखिरी चुनाव भी हो सकता है। मोदी – शाह की जोड़ी संविधान भी बदल सकती है।पूर्व विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक डॉ राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 1991 के बाद इस बार फिर सतना से कांग्रेस का सांसद दिल्ली जाएगा। पांच महीने पहले ही सिद्धार्थ में भाजपा सांसद को विधानसभा चुनाव में आप सभी के स्नेह समर्थन से पटखनी दी है। इस बार आप सभी को फिर वही जोश। वही ताकत दिखाना है। आभार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा ने जनता जनार्दन को भरोसा दिलाया कि वे विश्वास की कसौटी पर सदैव खरे उतरेंगे।

Next Post

भाजपा के लोकसभा चुनाव कार्यालय का हुआ शुभारंभ

Thu Apr 4 , 2024
  *प्रधानमंत्री 2047 तक भारत को विकसित बनाने कर रहे कार्य – सिंधिया* ग्वालियर। कैसे हम 370 वोट हर पोलिंग बूथ पर पार्टी के पक्ष में बढ़ाएंगे उस दिशा पर कार्य करना है। प्रधानमंत्री ने जो टारगेट हमें दिया है उसे हमें अपने विधानसभा, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ को […]

You May Like