खजुराहो लोकसभा और कटनी जिले को सदस्यता में शीर्ष पर लाने जुट जाएं कार्यकर्ता: शर्मा

कटनी, 02 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। सदस्यता को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन ने खजुराहो लोकसभा और कटनी जिले के लिए जो लक्ष्य तय रखा है उससे अधिक सदस्य बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जुट जाएं।
श्री शर्मा ने कटनी जिले के ढीमरखेड़ा व तेवरी बाजार में संगठन पर्व बैठक, स्लीमनाबाद में प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं जिला कार्यालय में मोर्चा पदाधिकारी एवं प्रकोष्ठ टोली की बैठक को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि खजुराहो लोकसभा और कटनी जिले को सदस्यता में शीर्ष पर लाने के लिए कार्यकर्ता अथक मेहनत करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने हर गांव, हर घर और हर बूथ में भाजपा का सदस्य बनाएं। प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने वहां उपस्थित प्रबुद्धजनों को भाजपा की सदस्यता दिलायी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में संगठन पर्व के पहले चरण में एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाए हैं। आज से संगठन पर्व का दूसरा चरण शुरू हो गया है। दूसरे चरण में भी पहले चरण की तरह रिकॉर्ड सदस्य बनाकर मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों में ले जाना है। भाजपा कार्यकर्ता अपने अथक मेहनत व परिश्रम से मध्यप्रदेश सदस्यता में इतिहास रचेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना और उज्जवला योजना जैसे अनेकों योजनाओं का लाभ ले रहे है। यह सभी लाभार्थी भाजपा के साथ जुड़ना चाहते हैं, घर-घर जाकर इन्हें भी भाजपा परिवार का सदस्य बनाएं। प्रधानमंत्री श्री मोदी का संकल्प है कि हमें एक करोड़ युवा सदस्य बनाना है, जो आने वाले 2047 में भारत का नेतृत्व करेंगे। इस महान संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान मे अपनी पूरी ताकत लगाकर कार्य करना है। भाजपा कार्यकर्ता उमंग व उत्साह के साथ बूथ पर जाकर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएं।
उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के दूसरे चरण में जिस तरह से पहले चरण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास रचा है, उसी प्रकार दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाना है। लोगों को भाजपा परिवार से जोड़कर भाजपा परिवार का विस्तार करना है। संगठन पर्व सिर्फ सदस्य बनाने का अभियान नहीं है, बल्कि देश को सशक्त बनाने का माध्यम भी है।
श्री शर्मा ने स्लीमनाबाद के तेवरी बाजार में घर और दुकानों पर संपर्क कर लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दुकान संचालकों, रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाने वाले, सब्जी का ठेला लगाने वालों को भी मिस्डकॉल के माध्यम से भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा रेहड़ी-पटरी वालों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भाजपा का सदस्य बनने की अपील की।

Next Post

जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जांच कर 7 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें- देवड़ा

Wed Oct 2 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मंदसौर ,02 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जांच कर 7 दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। श्री देवड़ा ने यहाँ कलेक्टर कार्यालय सभागार […]

You May Like