– कल हर बूथ पर 100 से अधिक सदस्य बनाए जाएंगे
-भाजपा के सभी मंडलों की विस्तारित कामकाजी बैठक संपन्न
प्रशासनिक संवाददाता
भोपाल, 23 सितंबर. संगठन पर्व के तहत भाजपा के सदस्यता अभियान ने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. सोमवार तक प्रदेश में भाजपा के 80 लाख सदस्य बन गए हैं. भाजपा ने प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है, इस हिसाब से भाजपा ने आधी बाजी जीत ली है.
इस कड़ी में अब भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को संगठन पर्व के तहत अधिकतम सदस्यता दिवस के रूप में मनाने जा रही है. अधिकतम सदस्यता दिवस के संबंध में सोमवार को भाजपा के सभी मंडलों की विस्तारित बैठक हुई. जिसमें 80 लाख सदस्य बनाने की जानकारी दी गई. इस उपलब्धि पर सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य
पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी है. बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता के अटूट विश्वास से भाजपा का परिवार लगातार बढ़ता जा रहा है और भाजपा मप्र में कार्यकर्ताओं के मेहनत और परिश्रम से जल्द ही सदस्यता के एक करोड़ के जादुई आंकड़े को पार करेगी.
भाजपा के मंडलों की विस्तारित बैठक में 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल की जयंती पर अधिकतम सदस्यता दिवस पर रिकॉर्ड संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने की रणनीति बनाई गई. बैठक में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 25 सितंबर को अपने-अपने क्षेत्र में अधिकतम सदस्यता का रिकॉर्ड बनाएंगे. जिसका सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा. हर बूथ पर 25 सितंबर को कम से कम 100 सदस्य बनाए जायेंगे. सभी प्रमुख कार्यकर्ता टोली बनाकर घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे. बूथों की जिम्मेदारी पार्टी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को देने के साथ दूरस्थ अंचल वाले बूथों पर 24 की शाम को ही पार्टी कार्यकर्ताओं को पहुंचना तय किया गया, ताकि 25 सितंबर को सुबह से लोगों को सदस्य बनाया जाना सुनिश्चित हो सके.
एक दिन में बनाए गए रिकॉर्ड 10 लाख सदस्य
भाजपा द्वारा सदस्यता का एक नया रिकॉर्ड बनाया है. भाजयुमो द्वारा शनिवार और रविवार को युवाओं को पार्टी से जोडऩे के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाया गया. एक दिन में मप्र में रिकॉर्ड 10 लाख लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें 7 लाख 50 हजार से अधिक लोगों ने विधिवत सदस्यता फार्म भी भर दिया है.