आने वाला कल स्वस्थ, स्वच्छ और श्रेष्ठ भारत का हैः विधानसभा अध्यक्ष तोमर

– आरोग्य भारती संस्था के प्रतिनिधि मंडल का सम्मेलन प्रारंभ

ग्वालियर। आने वाला कल स्वस्थ, स्वच्छ और श्रेष्ठ भारत का है। भारतीय स्वास्थ्य पद्धतियों को अपनाते हुए रोगमुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आरोग्य भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने आरोग्य भारती संस्था के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में शनिवार से शुरू हुए आरोग्य भारती के दो दिवसीय प्रतिनिधि मंडल के सम्मेलन में कही।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आने वाला कल स्वस्थ, स्वच्छ और श्रेष्ठ भारत का है। भारतीय स्वास्थ्य पद्धतियों को अपनाते हुए रोगमुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आरोग्य भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आरोग्य भारती संस्था की सलाह पर देश में डेढ़ लाख से अधिक वैलनेस सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया आरंभ हुई। उन्होंने कहा स्वतंत्रता के बाद हुई देशज चिकित्सा पद्धतियों की अनदेखी और उपेक्षा के कारण इस क्षेत्र में आए अभावों को दूर करने की दिशा में आरोग्य भारती द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय है। श्री तोमर ने कहा कि बीमारी रहित भारत का निर्माण करने में आरोग्य भारती संस्था संकल्पित होकर जुटी है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी देशज पद्धितियाँ इलाज में अत्यंत कारगर हैं। उन पर गर्व करें और अपनाएँ भी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर नेें आरोग्य भारती की स्मारिका आरोग्य फलदायक, भारतीय स्वास्थ्य चिंतन पर केन्द्रित विशेषांक आरोग्य संपदा, संस्था की डायरी आरोग्य भारती और संस्था के कैलेण्डर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जयपुर से पधारे योगाचार्य पंडित दामोदर लाल शर्मा को स्व. माधवराव धाक्रस स्वस्थ जीवनशैली पुरस्कार से सम्मानित किया।

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भगवान धनवन्तरि व माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मण्डल सम्मेलन का शुभारंभ किया। आरंभ में आरोग्य भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री भोलानाथ ने भगवान धनवन्तरि स्तवन का वाचन किया। इसके बाद आरोग्य भारती संस्था के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित ने सम्मेलन की भूमिका और संस्था के कार्यों पर प्रकाश डाला। अंत में आरोग्य भारती के अखिल भारतीय सचिव टीएन मंजुला ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वागत उदबोधन आरोग्य भारती के पदाधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश बत्रा ने दिया। कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय भारत सरकार के आयुर्वेद सलाहकार डॉ. कौस्तुभ उपाध्याय, लद्दाख से आए डॉ. पद्मा गुरूमेत, आरोग्य भारती के संरक्षक एवं देश के जाने-माने नेत्र चिकित्सक डॉ. प्रवीण भावसार, आरोग्य भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित, उत्तरप्रदेश से आए प्रतिष्ठित होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. बी एन सिंह, पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी, विधायक मोहन सिंह राठौर तथा श्रीयुत श्रीधर पराड़कर मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदर्शनी का किया उदघाटन

आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मण्डल सम्मेलन आयोजन स्थल पर आरोग्य भारती द्वारा भारतीय देशज अर्थात आयुर्वेद व अन्य वैकल्पिक पद्धतियों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलन कर उदघाटन किया। साथ ही प्रदर्शनी का जायजा भी लिया।

Next Post

जेल में बंद महिला-पुरुष कैदियों ने किया श्राद्ध, स्क्रीन पर कराए गयाजी के दर्शन  

Sat Sep 21 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email उज्जैन. केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में शनिवार को अनूठा श्राद्ध हुआ जिसमें जेल में बंद महिला एवं पुरुष कैदियों ने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए श्राद्ध किया। खास बात यह रही कि जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए […]

You May Like