
शिकायत में बताया कि जबलपुर की मटर की बेहतरीन क्वालिटी के कारण ऑल इंडिया स्तर के व्यापारी यहाँ खरीदी के लिए आते हैं। मटर के पीक सीजन में वाहनों की भारी मांग रहती है। आरोप है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाकर कुछ स्थानीय ट्रांसपोर्टर 5,000 से 10,000 रुपये तक अतिरिक्त भाड़ा वसूल रहे हैं। अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए जब बाहरी व्यापारी अपने ही शहरों से लोडिंग गाडिय़ां लेकर मंडी पहुँचते हैं, तो कुछ स्थानीय ट्रांसपोर्टर उनके ड्राइवरों को रोककर मारपीट की धमकी देते हैं। संघ का कहना है कि इस तरह की हरकतों से बाहरी व्यापारियों में जबलपुर के नाम से खौफ पैदा किया जा रहा है। व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है कि नवीन मटर मंडी में प्रतिदिन हजारों बोरों की आवक हो रही है और स्थानीय किसानों को रोजाना करोड़ों रुपये का भुगतान किया जाता है। यदि दबंगई और भय के कारण बाहरी व्यापारियों ने जबलपुर आना बंद कर दिया, तो मटर की खरीदी ठप पड़ जाएगी और इसका सीधा आर्थिक नुकसान क्षेत्र के किसानों को उठाना पड़ेगा। शिकायत पत्र में मंडी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। संघ ने मांग की है कि जब तक मटर का सीजन चल रहा है, तब तक नवीन मटर मंडी (औरैया) एवं कटंगी से पाटन बायपास की सर्विस रोड पर लगातार पुलिस गश्त लगवाई जाए। इस पूरे मार्ग पर अंधेरा छाया रहता है और इसी रास्ते से किसान व व्यापारी रोजाना नकदी लेकर आवाजाही करते हैं, जिससे हमेशा किसी बड़ी लूट या अनहोनी का अंदेशा बना रहता है। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अजीत साहू, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, सचिव जितेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष नवनीत केशरवानी और संयुक्त सचिव अरविंद सोनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
