सीहोर। गल्ला मंडी क्षेत्र में हुए लईक कुरैशी हत्याकांड में पुलिस ने फरार अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ सभी पांच आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है.
मुख्य आरोपी 22 वर्षीय अयान खान पिता अजीज कुरैशी को राउंडअप कर लिया गया है. पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा. इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा जा चुका है. गौरतलब है कि 25 नवंबर को रेस्ट हाउस रोड स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र में मस्जिद के पास लईक कुरैशी की हथियारों से नृशंस हत्या कर दी थी. मामले में एक आरोपी को तो पुलिस ने उसी दिन राउंडअप कर लिया था. जबकि चार फरार थे. परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को अनशन शुरू कर दिया था. सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आज दिन में तीन अन्य आरोपियों को राउंडअप किया और अब शाम को मुख्य आरोपी अयान को भी पकड़ लिया. सभी गिरफ्तार आरोपियों अजीज उर्फ बड्डू पिता बशीर कुरैशी, उसके बड़े भाई सलीम और भतीजे नौशाद व हाशिम उर्फ भैया के अलावा बड्डू के फरार बेटे अयान को गिरफ्तार किया है. चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा जा चुका है, जबकि पांचवें आरोपी अयान को राउंडअप कर लिया गया है.
