
बालाघाट,समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा अवैध रूप से धान का भंडारण और व्यापार करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रशासनिक एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने चांगोटोला और वारासिवनी तहसील के ग्राम सिर्रा में कार्रवाई कर कुल 824 क्विंटल धान बरामद किया है। दोनों स्थानों पर बरामद धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रशासन ने इस धान के स्टॉक को उपार्जन अवधि तक जब्त रखने की कार्रवाई की है।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह द्वारा 21 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन में यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम बालाघाट श्री गोपाल सोनी के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार लामता श्री मयंक मिश्रा तथा कृषि उपज मंडी समिति बालाघाट के निरीक्षकों की टीम ने चांगोटोला में जांच एवं कार्रवाई की।
चौधरी ट्रेडर्स के गोदाम में मिला 474 क्विंटल धान
जांच के दौरान चांगोटोला स्थित चौधरी ट्रेडर्स के गोदाम में 474 क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। टीम द्वारा धान के भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें मंडी शुल्क की रसीद अथवा कृषक पंजीयन संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके चलते गोदाम में रखे 474 क्विंटल धान को अवैध भंडारण मानते हुए कार्रवाई की गई।
सिर्रा में व्यापारी के घर से 350 क्विंटल धान बरामद
इसी प्रकार वारासिवनी एसडीएम श्री श्रीष प्यासी के मार्गदर्शन में मंडी विभाग की टीम ने वारासिवनी तहसील के ग्राम सिर्रा में कार्रवाई की। यहां कोचिया व्यापारी जितेंद्र पटले के घर पर जांच के दौरान 350 क्विंटल धान बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 824 क्विंटल धान प्रशासन की जांच में सामने आया है।
उपार्जन अवधि तक जब्त रहेगा धान का स्टॉक
जिला प्रशासन द्वारा दोनों स्थानों से बरामद 824 क्विंटल धान के स्टॉक को समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की अवधि तक जब्त रखने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध धान व्यापार, बिना वैध दस्तावेजों के भंडारण तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं की आशंका पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर जिले में धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासनिक और मंडी विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर रही हैं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।
