तेहरान, 28 नवंबर (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता के एक सलाहकार ने इराक को चेतावनी दी कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का ‘मोहरा’ न बने।
ईरान ने इराक को यह चेतावनी ऐसे समय में दी है जब ईरान के साथ लगी सीमाओं के प्रबंधन और तस्करी को रोकने के प्रयासों को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ रहा है।
इस्लामिक क्रांति के नेता के सलाहकार और सहायक मोहम्मद मोखबर ने शनिवार को कहा कि पड़ोसी देशों के साथ साझा भविष्य होना ईरान की विदेश नीति का एक मूल सिद्धांत है। उन्होंने ईरान और इराक के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर जोर दिया।
श्री मोखबर ने सोशल मीडिया पर कहा, “ईरान सबसे कठिन समय में पूरी ताकत के साथ इराक के लोगों के साथ खड़ा रहा और अपनी दोस्ती साबित की।” उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच के अटूट बंधन की मांग है कि बगदाद सीमा से जुड़े मुद्दों पर सतर्क रहे।
उन्होंने इराक से आग्रह किया कि वह खुद को ईरान के विरोधियों के हाथों का मोहरा न बनने दे और न ही श्री ट्रंप की नीतियों को लागू करने में मदद करे।
यह बयान तब आया है जब इराक ने गुरुवार को कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (केआरजी) द्वारा संचालित दो अनौपचारिक सीमा चौकियों को बंद करने की घोषणा की। इनमें से एक सीरिया की सीमा पर है और दूसरी ईरान की सीमा पर। यह कदम अनधिकृत सीमा चौकियों को बंद करने और सीमा पर नियंत्रण मजबूत करने के सरकारी अभियान का हिस्सा है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ईरान के साथ व्यापार पर संभावित प्रतिबंधों को लेकर चर्चा चल रही है। इराक के विदेश मंत्री ने पहले कहा था कि अमेरिका ने इराक से ईरान के साथ लगती अन्य सीमा चौकियों को भी बंद करने के लिए कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने से इराक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इराकी अधिकारियों ने सीमा चौकियों पर निगरानी बढ़ाने और तस्करी को रोकने के अपने प्रयासों को भी तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि श्री ट्रंप ने इराकी तेल की तस्करी रोकने, भ्रष्टाचार से निपटने और सभी हथियारों को पूरी तरह से राज्य के नियंत्रण में लाने के बगदाद के प्रयासों की सराहना की है।
मध्य पूर्व में तनाव तब से काफी बढ़ गया है जब 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया। इसके जवाब में ईरान ने पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले किये तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी ढंग से बंद कर दिया, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
गत जून में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये थे, जिसका उद्देश्य भविष्य में एक अंतिम शांति समझौते का रास्ता तैयार करना था लेकिन बाद में असहमति के चलते यह समझौता टूट गया। इस असहमति में जलडमरूमध्य से होकर गुजरने का मुद्दा भी शामिल था।
