ठग बना आईजी, छात्रा को डराया, 3.62 लाख ऐंठे

जबलपुर। कुण्डम थाना क्षेत्र में साइबर ठग ने खुद को आईजी बताकर अश्लील वीडियो सर्च करने का डर दिखाकर एक कॉलेज छात्रा को कानूनी कार्रवाई के नाम पर वीडियो कॉल करके 35 दिनों तक इस कदर डराया कि छात्रा ने अपने परिवार की मेहनत की कमाई से 3 लाख 62 हजार 500 रुपये ठग के खाते में ट्रांसफर कर दिए। मानसिक दबाव और ठगी के बाद शनिवार को पीडि़ता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

कुण्डम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक 35 वर्षीय महिला ने शनिवार को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बेटी कॉलेज में पढ़ती है और घर का ही मोबाइल फोन उपयोग करती थी, जिसमें यूपीआई ऐप सक्रिय था। 21 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के मोबाइल पर लगातार वीडियो कॉल किए। कॉल करने वाले ने खुद को आईजी बताते हुए छात्रा को धमकाया कि उसने अपनी जीमेल आईडी के जरिए गूगल पर अश्लील वीडियो सर्च किए हैं, जो एक गंभीर अपराध है।

बदनामी और जेल के डर से ट्रांसफर किए पैसे

जालसाज ने छात्रा को पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारी और समाज में बदनामी का डर दिखाया। घबराई छात्रा किसी से कुछ कह नहीं पाई और ठग के निर्देशानुसार उसके द्वारा भेजे गए यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड पर कई किस्तों में 3 लाख 62 हजार 500 रुपये जमा कराती रही। जब खाते से बड़ी रकम निकलने की बात सामने आई और परिजनों को जानकारी हुई, तब ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन डिटेल्स, यूपीआई आईडी और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Next Post

टीवीके ने परिसीमन मुद्दे पर द्रमुक के रुख को लेकर साधा निशाना

Sat Nov 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) ने विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के परिसीमन मामले पर दिए बयानों को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा है कि जब द्रमुक सत्ता में थी तो कुछ और कहती थी लेकिन अब सत्ता से बाहर होने के बाद […]

You May Like