
इंदौर. सड़क पर रफ्तार के साथ जान जोखिम में डालने वाले स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है. वायरल वीडियो में एक युवक चलती बाइक पर खड़े होकर और अलग-अलग तरीके से खतरनाक करतब करता नजर आ रहा है. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है. स्टंट करने वाले युवक की पहचान के साथ घटना किस थाना क्षेत्र की है, इसका भी पता लगाया जा रहा है.
वीडियो में युवक चलती बाइक पर संतुलन बनाते हुए खड़े होकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए इसकी पड़ताल कर रही है. युवक की पहचान के लिए उसकी इंस्टाग्राम आईडी और वीडियो से जुड़े अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्टंट किस सड़क और थाना क्षेत्र में किया था. युवक की पहचान होने और घटनास्थल की पुष्टि के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जा रही है.
