
इंदौर. घर की चाबी और तिजोरी तक पहुंच रखने वाले पर ही परिवार को सबसे ज्यादा भरोसा था, लेकिन इसी भरोसे का फायदा उठाकर 20 लाख रुपए से अधिक के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए. अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए घर में काम करने वाली नौकरानी और उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में लिया है. पुलिस ने चोरी गए अधिकांश जेवर बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी सामान की तलाश की जा रही है.
सुदामा नगर में रहने वाले सोनी परिवार के यहां पिंकी करीब एक साल से काम कर रही थी. लंबे समय तक काम करने के कारण उसने परिवार का विश्वास जीत लिया था. परिवार ने करीब चार से छह महीने पहले तिजोरी देखी थी, तब उसमें सभी जेवर सुरक्षित रखे हुए थे. नवरात्रि के दौरान और उसके बाद जब दोबारा तिजोरी की जांच की गई तो उसमें रखे 20 लाख रुपए से अधिक कीमत के जेवर गायब मिले. इसी बीच 18 अक्टूबर को पिंकी ने काम छोड़ दिया. परिवार को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर पिंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका भी सामने आई. दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अधिकांश जेवर बरामद कर लिए हैं. शेष जेवरात की बरामदगी के साथ ही चोरी के तरीके और सामान के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि अन्नपूर्णा पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा कर नौकरानी और उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में लिया है. अधिकांश जेवर बरामद हो चुके हैं, शेष सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है.
