23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में 10 हजार का इनामी गिरफ्तार

इंदौर. एमडी ड्रग्स तस्करी के एक पुराने मामले में क्राइम ब्रांच ने फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. करीब पांच महीने पहले स्कीम नंबर 134 में 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ चार आरोपियों को पकड़ा था. उनसे पूछताछ और जांच में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां देवास तक पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने पांचवें आरोपी को भी गिरफ्त में ले लिया. अब पुलिस ड्रग्स की मूल सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.

क्राइम ब्रांच ने 30 जून 2026 को दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे स्कीम नंबर 134 में घेराबंदी कर एक महिंद्रा थार से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनके कब्जे से 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 30 हजार रुपए बताई गई थी. इसके अलावा करीब 19 लाख रुपए कीमत की काले-सफेद रंग की महिंद्रा थार भी जब्त की गई थी. इस तरह जब्त माल की कीमत करीब 21 लाख 30 हजार रुपए थी. इस मामले में पुलिस ने फरहान शेख, अतीक उर्फ तौफीक खान उर्फ मोहम्मद तौकीद, अमान उर्फ फैजान खान और फरहान खान को गिरफ्तार किया था. इसके बाद आरोपियों से पूछताछ और विवेचना में ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े देवास के अमन पटेल की भूमिका सामने आई, घटना के बाद से वह फरार था. उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी तलाश की और घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की उम्र 26 साल है. वह 12वीं तक पढ़ा है और वर्तमान में अलमारी-फर्नीचर का काम करता है. उसके खिलाफ मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा कर गिरफ्तारी की गई है. इस तरह प्रकरण में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बैकवर्ड ट्रेसिंग के आधार पर देवास निवासी अमन पटेल की संलिप्तता सामने आई थी. उसे गिरफ्तार कर लिया है, अब मूल सप्लायर, अन्य खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

Next Post

बाइक की सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार

Sat Nov 28 , 2026
इंदौर. नशे की खेप छिपाकर ले जाने के लिए तस्करों ने बाइक की सीट के नीचे ठिकाना बना रखा था. सुपर कॉरिडोर पर संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों की तलाशी में क्राइम ब्रांच को 13 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की […]

You May Like