
नीमच। शहर के मूलचंद मार्ग पर आवारा कुत्तों को लेकर आज जमकर हंगामा देखने को मिला। लंबे समय से कुत्तों के आतंक से परेशान रहवासियों की शिकायत पर जब नगरपालिका की टीम कुत्तों को पकडऩे पहुंची और करीब 15 से 20 कुत्तों को वाहन में बैठाया, तो मौके पर कुछ लोग कार्रवाई के विरोध में उतर आए। इसके बाद रहवासियों और विरोध करने पहुंचे लोगों के बीच बहस शुरू हो गई और माहौल गरमा गया।
दरअसल, मूलचंद मार्ग क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। रहवासियों के मुताबिक, दो दिन पहले ही कुत्तों ने 3 से 4 गाय-बकरियों पर हमला कर उन्हें निशाना बनाया था। वहीं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को दौड़ाने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
लगातार बढ़ती समस्या को लेकर रहवासियों ने नगरपालिका में शिकायत करने के साथ सीएम हेल्पलाइन पर भी गुहार लगाई थी। इसी शिकायत के बाद आज नगरपालिका की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन कुत्तों को पकडऩे की कार्रवाई शुरू होते ही विरोध के स्वर उठने लगे।
इस दौरान रहवासियों ने भी सवाल उठाए कि आखिर बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? उनका कहना था कि यदि कोई व्यक्ति इन कुत्तों को संरक्षण देता है तो उसे भी उनकी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। रहवासियों ने स्पष्ट कहा कि बेजुबान पशुओं के प्रति संवेदनशीलता जरूरी है, लेकिन इंसानों और दूसरे पशुओं की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
फिलहाल क्षेत्रवासियों की मांग है कि नगरपालिका पकड़े गए कुत्तों के संबंध में नियमानुसार उचित व्यवस्था करे और उन्हें दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए। साथ ही शहर के अन्य प्रभावित इलाकों में भी इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
