चिंतन शिविर में मंथन से भाजपा निकालेगी अगले चुनाव के लिए अमृत

मध्य क्षेत्र की डायरी….

संदीप चंसौरिया

चित्रकूट में मंत्रियों की परीक्षा

पचमढ़ी से ओरछा और फिर चित्रकूट. मोहन सरकार और भाजपा संगठन का चिंतन शिविर ठिकाना बदलते-बदलते अब उस मुकाम पर पहुंचा है, जहां सरकार के तीन साल का हिसाब तो होगा ही, मंत्रियों की कुर्सियों का भविष्य भी चर्चा से बाहर नहीं रहेगा. 13 दिसंबर को सरकार के तीन साल पूरे हो रहे हैं और 21-22 दिसंबर को चित्रकूट में होने वाला मंथन अगले दो साल की दिशा तय करने के साथ मंत्रिमंडल की दशा भी बदल सकता है.ऊपरी तौर पर एजेंडा उपलब्धियों, अधूरे लक्ष्यों, विभागीय चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना का है. मंत्रियों को अपने विभागों का प्रेजेंटेशन देना है, पांच प्रमुख उपलब्धियां बतानी हैं और अगले दो साल का रोडमैप रखना है. लेकिन संगठन की तैयारी केवल सरकार का रिपोर्ट कार्ड बनाने तक सीमित नहीं है. मंत्रियों की कार्यक्षमता, जनता के बीच उनकी पकड़, विधायकों से संवाद और संगठन के साथ समन्वय जैसे पहलुओं पर भी फीडबैक जुटाया जा रहा है. इसके लिए प्रश्नावली तैयार होने की चर्चा है, जिसे मंत्री और विधायक भरेंगे. मंत्रियों के लिए सवाल उनकी उपयोगिता और कामकाज पर केंद्रित होंगे, जबकि विधायकों से अलग राजनीतिक फीडबैक लिया जाएगा. यही आकलन आगे मंत्रियों के चयन और जिम्मेदारियों में बदलाव का आधार बन सकता है. यानी चित्रकूट में चिंतन के बहाने मंत्रियों की परीक्षा भी होगी. जिनका प्रदर्शन कमजोर है, उनके लिए यह शिविर उपलब्धियां गिनाने से ज्यादा अपनी उपयोगिता साबित करने का अवसर होगा. मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की अटकलें भी इसी वजह से तेज हैं. चर्चा यह भी है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती मध्यप्रदेश के क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देकर भाजपा राजनीतिक संदेश देने की रणनीति पर विचार कर सकती है. सरकार के तीन साल पूरे होने पर आत्ममंथन स्वाभाविक है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह मंथन केवल प्रस्तुतियों और आंकड़ों तक सीमित रहेगा या संगठन वास्तव में मंत्रियों की जवाबदेही तय करेगा? चित्रकूट में चिंतन का असली निष्कर्ष भाषणों में नहीं, उसके बाद बदलने वाली कुर्सियों और कामकाज में दिखाई देगा.

कुर्सी बची, कुर्सी की दौड़ बढ़ी!

डीजीपी कैलाश मकवाणा के कार्यकाल विस्तार की फाइल केंद्र तक पहुंच गई है, लेकिन मंजूरी अभी दिल्ली में अटकी है. प्रदेश सरकार ने तीन महीने की मोहलत का प्रस्ताव भेजा है. 30 नवंबर की रिटायरमेंट तारीख करीब है और पुलिस महकमा अब आदेश से ज्यादा इंतजार की घड़ी गिन रहा है. दिलचस्प यह है कि नए डीजीपी की चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी. यूपीएससी तीन नामों का पैनल भेज चुकी थी. वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव अपनी-अपनी संभावनाओं के साथ दौड़ में थे. अचानक मकवाणा के एक्सटेंशन का प्रस्ताव आया और पूरी रेस की गणित बदल गई. तीन महीने की मोहलत मिली तो वरुण कपूर की पात्रता खत्म हो सकती है और नए सिरे से पैनल में नाम जुड़ने की संभावना बनेगी. यानी एक एक्सटेंशन किसी एक अधिकारी की कुर्सी बचाने भर का फैसला नहीं, कई दावेदारों की किस्मत का फेर भी है. पुलिस मुख्यालय से मंत्रालय और मंत्रालय से दिल्ली तक निगाहें टिकी हैं. जिन्हें लगा था कि अब नए डीजीपी के नाम पर मुहर लग जाएगी, वे फिर प्रतीक्षा सूची में आ गए. दावेदारों के लिए हर दिन भारी है और सरकार के लिए भी आखिरी वक्त का फैसला आसान नहीं. मकवाणा को विस्तार मिलता है तो अनुभव को प्राथमिकता का संदेश जाएगा, नहीं मिला तो नई नियुक्ति का रास्ता खुलेगा. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है- जब नए डीजीपी का पैनल तैयार था, तो आखिरी दौर में एक्सटेंशन की जरूरत क्यों पड़ी? अब जवाब केंद्र की मंजूरी और सरकार के अगले कदम में छिपा है. 30 नवंबर तक पुलिस महकमे में वर्दी से ज्यादा चर्चा कुर्सी की रहेगी.

Next Post

नहर में डूबने से महिला की मौत

Sat Nov 28 , 2026
ग्वालियर। आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम भरथरी के पास वीरू हेड नहर में डूबने से 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का शव दोपहर को रेलवे फाटक के पास बने ​पुल से बरामद किया गया है। सूचना मिलने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों […]

You May Like