
भोपाल। जनता क्वार्टर की 75 अति जर्जर इमारतों को ढहाने के बाद भी शहर में खतरा बरकरार है। राजधानी में अब भी 682 अति जर्जर इमारतें मौजूद हैं। इनमें 665 सरकारी और 17 निजी भवन शामिल हैं। इनमें कई इमारतों में लोग रह रहे हैं, जबकि कुछ का व्यावसायिक उपयोग भी हो रहा है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नगर निगम की यांत्रिकी शाखा के अनुसार शहर में कुल 3360 जर्जर इमारतें चिन्हित की गई हैं। इनमें 2389 सरकारी और 917 निजी भवन हैं। इनमें ज्यादातर इमारतें बीडीए, हाउसिंग बोर्ड और पीडब्ल्यूडी ने 30 से 40 साल पहले बनवाई थीं। निगम ने भवन मालिकों और रहवासियों को 2184 नोटिस जारी कर इमारतें खाली करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कई भवनों का उपयोग जारी है।
मई से नवंबर के बीच निगम के अतिक्रमण अमले ने 110 जर्जर इमारतों को ढहाया है, जबकि 25 भवनों की मरम्मत कराई गई है। इसके बावजूद सैकड़ों इमारतें अब भी खतरा बनी हुई हैं। खास बात यह है कि नोटिस के बाद भी कुछ जर्जर भवनों में किराए पर दुकानें लेने का सिलसिला जारी है। ऐसे में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
